जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं का हो रहा त्वरित निराकरण
—-
जिला पंचायत सीईओ श्री जैन ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं
—
1बैतूल 29 अप्रैल 2025
जिला पंचायत सीईओ श्री अक्षत जैन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं। प्रातः 11 से आयोजित जनसुनवाई में सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित हुए। जिला पंचायत सीईओ श्री जैन ने जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण किया। जनसुनवाई में 108 आवेदन प्राप्त हुए। जिला पंचायत सीईओ श्री जैन ने जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता पूर्वक निराकरण किए जाने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए।
जनसुनवाई में घोड़ाडोंगरी निवासी बुजुर्ग महिला श्रीमती उषा जैन ने आवेदन देकर उनकी निजी भूमि से 11 केव्ही उच्च वोल्ट विद्युत लाइन नहीं डालने की मांग की। जिस पर जिला पंचायत सीईओ श्री जैन ने एमपीईबी के संबंधित अधिकारियों को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए।घोड़ाडोंगरी तहसील के ग्राम माथनी निवासी चंद्रकली धुर्वे ने जीवन सुरक्षा एवं वैवाहिक सुरक्षा का पैसा दिलाए जाने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर जिला पंचायत सीईओ श्री जैन ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण की जांच कर निराकरण के निर्देश दिए। प्रभात पट्टन तहसील के ग्राम सालबर्डी निवासी सुनिता बावने ने जनसुनवाई में आवेदन देकर मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना, स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ दिए जाने की मांग की। जिस पर जिला पंचायत सीईओ श्री जैन ने महिला एवं बाल विकास विभाग के संबंधित अधिकारी को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। बैतूल तहसील के ग्राम गोधना निवासी तुलसीराम ने सीमांकन रुकवाए जाने के लिए आवेदन किया। जिस पर जिला पंचायत सीईओ श्री जैन ने तहसीलदार बैतूल को प्रकरण के जांच के निर्देश दिए।
सड़क से अवैध अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
जनसुनवाई में चिचोली के वार्ड क्रमांक-3 के निवासियों ने किशोर पाल द्वारा सड़क पर बाउंड्री वॉल बनाकर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण को रोकने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर जिला पंचायत सीईओ श्री जैन ने चिचोली तहसीलदार को प्रकरण का निराकरण किए जाने के निर्देश दिए। प्रभात पट्टन तहसील के ग्राम गोधनी निवासी शोभा बारस्कर ने आबादी मद की भूमि पर स्वामित्व का हक दिलाने के लिए आवेदन दिया। जिस पर जिला पंचायत सीईओ श्री जैन ने मुलताई एसडीएम को स्वामित्व योजना के तहत प्रकरण का निराकरण किए जाने के निर्देश दिए। मुलताई निवासी गीता उबनारे ने जनसुनवाई में आवेदन देकर उनकी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे को हटाने की मांग की। जिस पर जिला पंचायत सीईओ श्री जैन मुलताई एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
क्रमांक/146/514/04/2025
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत हितग्राहियों को नियमित मिल रही पेंशन राशि
—
2 बैतूल 29 अप्रैल 2025
मध्य प्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा राज्य के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के लिए विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य वृद्धजन, विधवाएं, परित्यक्त महिलाएं, दिव्यांगजन, अविवाहित महिलाएं तथा मानसिक रूप से विकलांग व्यक्तियों को वित्तीय सहायता प्रदान कर उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने में सक्षम बनाना है।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण उपसंचालक बैतूल ने बताया कि राज्य शासन द्वारा संचालित इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी विधवा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्त पेंशन योजना, सामाजिक सुरक्षा परित्याक्तता पेंशन योजना, सामाजिक सुरक्षा निशक्त पेंशन योजना, मुख्यमंत्री अविवाहिता पेंशन योजना, सामाजिक सुरक्षा वृद्धावस्था पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कल्याणी पेंशन योजना, बहुविकलांग/मानसिक रूप से विकसित निशक्तजन के लिए सहायता अनुदान योजना, मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक पेंशन योजना, इन सभी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को शासन द्वारा प्रतिमाह 600 की सहायता राशि प्रदान की जाती है। यह राशि सिंगल क्लिक सिस्टम के माध्यम से प्रत्येक माह की 5 से 10 तारीख के बीच सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में स्थानांतरित की जाती है। जिले में यदि किसी की पात्र पेंशनरों को राशि प्राप्त नहीं हो रही है तो वे कार्यालयीन समय में उप संचालक सामाजिक न्याय से सम्पर्क कर सकते हैं।
क्रमांक/147/515/04/2025
सफलता की कहानी
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बैतूल की छात्रा रितु पवार ने रचा सफलता का इतिहास
—-
3 बैतूल 29 अप्रैल 2025
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बैतूल मध्यप्रदेश की होनहार छात्रा रितु पवार ने अपनी मेहनत, लगन और संस्थान के मार्गदर्शन से सफलता की नई मिसाल पेश की है। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य ने बताया कि श्री वल्लू पवार, श्रीमती निर्मला पवार की सुपुत्री रितु पवार ने सत्र 2018-19 में मैकेनिक डीजल ट्रेड से प्रशिक्षण पूर्ण किया। रितु के पिताजी लकड़ी के फर्नीचर के व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। प्रशिक्षण के दौरान शासकीय आईटीआई बैतूल में प्रतिष्ठित कंपनी पीएण्डजी द्वारा कैंपस चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी। रितु ने इसमें भाग लिया और लिखित परीक्षा तथा साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रोडक्शन क्वालिटी के पद पर चयनित हुईं। वर्ष 2021 से रितु पवार पीएण्डजी कंपनी, मंडीदीप में निरंतर कार्यरत हैं और वर्तमान में 15 हजार रुपये मासिक वेतन प्राप्त कर रही हैं। इस रोजगार से न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, बल्कि रितु ने अपने आत्मविश्वास में भी अद्वितीय वृद्धि अनुभव की है। रितु पवार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, संस्था के प्रशिक्षकों तथा संस्थान द्वारा प्रदान किए गए उचित प्रशिक्षण को दिया है।
क्रमांक/148/516/04/2025
शासकीय आईटीआई में मई में प्रवेश प्रक्रिया होगी प्रारंभ
—-
4 बैतूल 29 अप्रैल 2025
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य ने बताया कि बैतूल जिले में पांच शासकीय आईटीआई क्रमशः आईटीआई बैतूल, एकलव्य महिला आईटीआई बैतूल, आईटीआई चिचोली और शाहपुर, भीमपुर, प्रभात पट्टन में आगामी सत्र 2025-26 के लिए विभिन्न रोजगार मूलक व्यवसाय के लिए माह मई में ऑनलाइन पंजीयन किए जाएंगे। जिसमें महिला प्रशिक्षणार्थी का प्रवेश सभी आईटीआई में होना है। सभी आईटीआई में कुल 1072 सीटें भरी जानी हैं। जिसमें महिला एकलव्य आईटीआई में 324 सीटें एवं अन्य शासकीय आईटीआई में 225 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित है। प्राचार्य ने बताया कि अधिक जानकारी के लिए शासकीय आईटीआई हेल्प डेस्क पर सम्पर्क किया जा सकता हैं।
क्रमांक/149/517/04/2025
केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके ने 743.90 लाख के निर्माण कार्यों का किया भूमि पूजन
—
5 बैतूल 29 अप्रैल 2025
जिले की मुलताई तहसील में आज शासकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। लगभग 743.90 लाख रुपये की लागत से शासकीय महाविद्यालय में आवास गृह, इंडोर स्पोर्ट्स हॉल, लाइब्रेरी तथा कन्या छात्रावास का निर्माण किया जाएगा।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा ताप्ती महालोक के निर्माण की स्वीकृति भी दे दी गई है और यह कार्य शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह समस्त योजनाएं मुलताई क्षेत्र के विद्यार्थियों और नागरिकों के लिए लाभकारी सिद्ध होंगी।
महाविद्यालय के प्रबंधन, कर्मचारियों और छात्राओं ने इस पहल पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से छात्रावास, इंडोर स्टेडियम और आवास की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। छात्रावास निर्माण से दूर-दराज़ से आने वाले छात्रों को रहने की सुविधा मिलेगी और वे नियमित रूप से पढ़ाई कर सकेंगे। वहीं, इंडोर स्पोर्ट्स हॉल से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा जिससे वे विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर मुलताई का नाम रोशन कर सकेंगे। महाविद्यालय कर्मचारियों के लिए बनने वाले आवास से वे समय पर कॉलेज पहुंच सकेंगे, जिससे समय की बचत भी होगी।
इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक चंद्रशेखर देशमुख, नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर, श्री गणेश साहू, महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य वर्षा खुराना सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
क्रमांक/150/518/04/2025
केंद्रीय मंत्री श्री दुर्गादास उईके ने सांसद निधि से 18 पानी के टैंकर कराए उपलब्ध
—
जनपदों और निकायों को मिली बड़ी सौगात
6बैतूल 29 अप्रैल 2025
बैतूल विकासखंड के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में भीषण पेयजल संकट से निपटने के लिए एक अहम पहल की गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री और सांसद श्री दुर्गादास उईके ने अपनी सांसद निधि से 18 पानी के टैंकर उपलब्ध कराए हैं, जो जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जल आपूर्ति का कार्य करेंगे। मंगलवार को इन पानी के टैंकरों का विधिवत पूजन कर उन्हें रवाना किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उईके, बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पार्वतीबाई बारस्कर ने हरी झंडी दिखाकर इन टैंकरों को सेवा के लिए रवाना किया। पानी के टैंकर ग्राम करपा, पाढरखुर्द, भयावाड़ी, कुम्हाईरिया, मंडई, बोथी, जुनाबोरगांव, हिवरखेड़ी, रातामाटी बुजुर्ग, माथनी, जोगी, नगर परिषद आठनेर, नगर परिषद बैतूल बाजार और नगर पालिका परिषद बैतूल में इन टैंकरों के माध्यम से जल आपूर्ति की जाएगी।केंद्रीय मंत्री श्री उईके ने बताया कि ये टैंकर केवल पेयजल आपूर्ति तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आपातकालीन स्थिति में फायर ब्रिगेड के रूप में भी कार्य कर सकते हैं। प्रत्येक टैंकर में मोटर और पाइप की सुविधा दी गई है, जिससे आगजनी जैसी घटनाओं में त्वरित सहायता दी जा सकेगी। इन बहुउपयोगी टैंकरों के माध्यम से ग्रामीणों को ना केवल स्वच्छ पेयजल मिलेगा, बल्कि आग लगने जैसी आपदाओं में भी राहत मिल सकेगी।
क्रमांक/153/521/04/2025
जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम का विद्यालयों में हुआ सफल आयोजन
—
7बैतूल 29 अप्रैल 2025
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशानुसार जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। अभियान के तहत ब्लॉक के समस्त संचालित माध्यमिक तथा हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूलों में अध्यनरत विद्यार्थियों के द्वारा गतिविधियों का आयोजन अपने-अपने विद्यालयों में किया गया। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों के द्वारा निबंध लेखन, पोस्टर, रंगोली प्रतियोगिता एवं संवाद का आयोजन किया गया।
विद्यार्थियों ने संगोष्ठी आयोजित कर जल संरक्षण और संवर्धन के उपाय के बारे में विस्तृत चर्चा की। शिक्षकों के द्वारा विद्यार्थियों को वृक्ष और जल संवर्धन का महत्व बताया गया। वहीं जल संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाले विद्यालयों ने आसपास के महत्वपूर्ण एवं विशिष्ट व्यक्तियों का परिचय कराया गया। इसके अलावा वृक्ष और जल संवर्धन के मध्य संबंध कैसे बनाए रखे जाएं इसके बारे में भी शिक्षकों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। जल जागरुकता कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को जल का महत्व एवं इससे होने वाली भविष्य में परेशानियों के बारे में भी जानकारी दी गई ।
जल संकट को रोकने के उपाय और इन पर समय-समय पर की जाने वाली चर्चा के बारे में बताया गया, सभी विद्यालयों में शुद्ध एवं ठंडे पीने के पानी की व्यवस्था बनाई गई। जल भंडारण के लिए टंकियां की साफ सफाई विद्यालयों के विद्यार्थियों के द्वारा की गई तथा ठंडे पानी की व्यवस्था के लिए शुद्ध तथा ठंडा पानी विद्यालयों में आरो तथा मटके के माध्यम से उपलब्ध कराया गया ।
यह संपूर्ण कार्य अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री शैलेंद्र बडोनिया के मार्गदर्शन में ब्लॉक के सभी विद्यालयों में 2 अप्रैल से 29 जून तक विधिवत रूप से आयोजित किया जाएगा। विकासखंड शिक्षा अधिकारी एलएन प्रजापति ने बताया कि कलेक्टर श्री सूर्यवंशी के द्वारा समय-समय पर मीटिंग आयोजित कर एवं वीसी के माध्यम से दिए गए निर्देशों के परिपालन में जल संवर्धन के संबंध में सभी गतिविधियों से शिक्षकों के द्वारा बच्चों को जानकारी दी गई और पानी के संरक्षण के लिए गर्मियों के मौसम में अपने-अपने क्षेत्र में सतत प्रयास बच्चों के द्वारा किए जाने के लिए निर्देशित किया गया। बीआरसी श्री मनीष धोटे ने बताया कि समस्त प्राथमिक तथा माध्यमिक शालाओं में ठंडे पानी की व्यवस्था 1 अप्रैल से 29 अप्रैल तक निरंतर रूप से शिक्षकों के द्वारा बच्चों के लिए की गई और जल संरक्षण के बारे में सभी बालक बालिकाओं को शिक्षकों के द्वारा जानकारी दी गई।
क्रमांक/151/519/04/2025
जल गंगा संवर्धन अभियान के क्रियान्वयन के लिए जनपद पंचायत स्तर पर क्लस्टरवार बैठको का आयोजन
—
8 बैतूल 29 अप्रैल 2025
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बैतूल श्री अक्षत जैन द्वारा प्रदत्त निर्देशों के अनुक्रम में मंगलवार को बैतूल जिले की विभिन्न जनपद पंचायतों में मुख्य कार्यपालन अधिकारियों द्वारा सेक्टर मुख्यालयों पर समीक्षा बैठक आयोजित कर जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके तहत जनपद पंचायत बैतूल के गोराखार एवं साकादेही जनपद पंचायत आमला के खेड़ली बाजार एवं मोरखा तथा जनपद पंचायत मुलताई के कामथ एवं डहुआ सेक्टर में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में सहायक यंत्री,संबधित सेक्टर के उपयंत्री, सरपंच,सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित हुए। समीक्षा बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत चयनित जल संरचनाएं जैसे खेत तालाब, डगवेल रिचार्ज, अमृत सरोवर तालाब निर्माण के कार्य अभियान अवधि में निर्मित किये जाने पर चर्चा की गई।
जनपद पंचायत आमला के मोरखा सेक्टर की कुल 10 ग्राम पंचायतों में 20 खेत तालाब एवं 72 डगवेल रिचार्ज के कार्य स्वीकृत किये गये। खेड़ली बाजार सेक्टर में कुल 11 ग्राम पंचायतों में चयनित 20 खेत तालाब में से 08 खेत तालाब स्वीकृत किये जाकर 08 में कार्य प्रारंभ किये गये। इसी प्रकार 59 डगवेल रिचार्ज के कार्य स्वीकृत किये जाकर 22 में कार्य प्रारंभ किये गये।
जनपद पंचायत बैतूल के साकादेही सेक्टर की कुल 12 ग्राम पंचायतों में 08 खेत तालाब एवं 41 डगवेल रिचार्ज के कार्य स्वीकृत किये गये। इसी प्रकार गोराखार सेक्टर की कुल 13 ग्राम पंचायतों में 18 खेत तालाब एवं 69 डगवेल रिचार्ज के कार्य स्वीकृत किये गये।
जनपद पंचायत मुलताई के कामथ सेक्टर की कुल 11 ग्राम पंचायतों में 09 खेत तालाब स्वीकृत किये जाकर 07 में कार्य प्रारंभ किये जा चुके हैं। इसी प्रकार 45 डगवेल रिचार्ज के कार्य स्वीकृत किये जाकर 31 में कार्य प्रारंभ किये गये। डहुआ सेक्टर की कुल 12 ग्राम पंचायतों में 21 खेत तालाब स्वीकृत किये जाकर 18 में कार्य प्रारंभ किये गये एवं 90 डगवेल रिचार्ज के कार्य स्वीकृत किये जाकर 73 में कार्य प्रारंभ किये गये।
क्रमांक/153/521/04/2025
जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में दी जाएगी निःशुल्क नसबंदी सेवा
—
9 बैतूल 29 अप्रैल 2025
जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में अलग-अलग तिथियों में निःशुल्क नसबंदी सेवा प्रदायगी की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश परिहार ने बताया कि 1 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सेहरा, 2 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चिचोली, 3 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भीमपुर, 5 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रभात पट्टन, 6 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुलताई, 7 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भैंसदेही, 8 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शाहपुर एवं घोड़ाडोंगरी, 9 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र आठनेर, 10 मई को सिविल अस्पताल आमला, 13 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भैंसदेही, 14 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घोड़ाडोंगरी, 15 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सेहरा, 16 मई को सिविल अस्पताल आमला, 17 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भीमपुर, 19 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चिचोली, 20 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुलताई एवं प्रभात पट्टन, 21 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घोड़ाडोंगरी, 22 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शाहपुर, 23 मई को सिविल अस्पताल आमला, 24 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र आठनेर, 26 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भैंसदेही, 27 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घोड़ाडोंगरी, 28 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सेहरा, 29 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भीमपुर, 30 मई को सिविल अस्पताल आमला, 31 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भैंसदेही में नसबंदी सेवा प्रदायगी की जाएगी।
सीएमएचओ डॉ.परिहार ने बताया कि शासन द्वारा नसबंदी कराए जाने पर पुरुष नसबंदी हितग्राही को 3 हजार एवं प्रेरक को 400 रूपए, महिला नसबंदी एलटीटी कराने पर हितग्राही को 2 हजार एवं प्रेरक को 300 रूपए तथा प्रसवोत्तर महिला नसबंदी कराने पर हितग्राही को 3 हजार एवं प्रेरक को 400 रुपए की राशि बैंक खाते में प्रदान की जाती है। परिवार नियोजन हेतु इच्छुक लक्ष्य दम्पत्ति आगे आयें एवं महिला एवं पुरुष नसबंदी की निशुल्क सेवाओं का लाभ उठायें।
क्रमांक/152/520/04/2025
मुख्यमंत्री 30 अप्रैल को किसानों के खाते में अंतरित करेंगे किसान कल्याण योजना की किस्त
—
10 बैतूल 29 अप्रैल 2025
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 30 अप्रैल को धार जिले के उमरबन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में किसानों के खाते में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत वर्ष 2025-26 की प्रथम किश्त अंतरित करेंगे। इस अवसर पर जिले में भी जिला स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में विभिन्न जनप्रतिनिधि सम्मिलित होंगे। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। जिले के सभी हितग्राही एवं नागरिक वेबकास्ट लिंक https://webcast.gov.in/mp/cmevents के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे।
क्रमांक/154/522/04/2025
Comments are closed.