Madhya Pradesh Latest News

सरकारी खबर, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना : भीमपुर में 775 जोड़े विवाह के अटूट बंधन  में बंधे

By,वामन पोटे

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना : भीमपुर में 775 जोड़े विवाह के अटूट बंधन  में बंधे
—–———

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के 85 लाख से अधिक किसानों के खाते में अंतरित की किसान कल्याण योजना की राशि
———-‐———————-
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत भैंसदेही की जीवन दायिनी मां पूर्णा नदी पर किया घाट निर्माण
—–‐———————-
1 बैतूल 30 अप्रैल 2025

                 अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर बुधवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत भीमपुर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 775 जोड़े विवाह के अटूट बंधन में बंधे। कार्यक्रम में बैंड बाजे के साथ धूमधाम से बारात कार्यक्रम स्थल पर पहुंची जहां बारात का भव्य स्वागत स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने किया। कार्यक्रम में 47 जोड़ों का वैदिक रीति रिवाज, 725 जोड़ो का भूमका रीति और 3 जोड़ो का निकाह संपन्न हुआ। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा वर वधु और उनके साथी परिजनों के लिए बैठक सहित पेयजल, भोजन , कूलर इत्यादि की उत्तम व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में सभी नव दाम्पत्य जीवन में प्रवेश कर रहे 775 जोड़ो को 49 हजार की राशि भी अंतरित की गई।

     विवाह सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा 775 जोड़ो के लिए कुल 20 सैक्टर बनाएं गए। लगभग 196 वेदियां बनाई गईं। प्रत्येक वेदी पर चार जोड़ो का विवाह कराया क्या। सैक्टर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के लिए सैक्टर प्रभारी और सहायक सैक्टर प्रभारी बनाएं गए। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जनपद, राजस्व, सामाजिक न्याय, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के अमले ने सक्रिय भूमिका निभाई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फायर ब्रिगेड ,एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी मौके पर तैनात रही।

    केंद्रीय मंत्री श्री दुर्गादास ऊईके, विधायक श्री महेंद्र सिंह चौहान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे, जनपद अध्यक्ष श्री भैयालाल इरपाचे, श्री सुधाकर पवार इत्यादि मुख्य अतिथियों के उपस्थिति में विवाह सम्पन्न हुआ। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन ने भी कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और अधिकारियों को समुचित व्यवस्थाओं के लिए पाबंद किया। अनुविभागीय अधिकारी भीमपुर श्री अजीत  मेरावी, उप संचालक सामाजिक न्याय रोशनी वर्मा,जनपद सीईओ और अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाई।

      केंद्रीय मंत्री श्री ऊईके ने कहा कि प्रदेश के संवेदनशील  मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सभी वर्गों के कल्याण और लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना मध्यप्रदेश सरकार की अंतरात्मा से निकली एक महत्वपूर्ण योजना है। निर्धन परिवार जो अपनी बेटियों के विवाह को लेकर चिंतित रहते थे, उनकी चिंता को इस योजना ने जड़ से समाप्त किया हैं। योजना के तहत धूमधाम से विधिवत विवाह सम्पन्न कराने के साथ ही 49 हजार की राशि भी वर और वधु को दी जा रही हैं, जो उनके नव वैवाहिक जीवन के शुरुआत का आधार बनेगी। उन्होंने सभी जोड़ो को मंगल शुभकामनाएं दी।

      विधायक श्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशानुरूप प्रदेश के साथ बैतूल जिले में भी व्यापक स्तर पर मुख्यमंत्री कन्या विवाह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। निर्धन परिवार जो अपनी जमीन, जायदाद को बेचकर अपनी बेटियों का विवाह कराते थे, उनके लिए यह योजना वरदान साबित हुई हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री धुर्वे और सुधाकर पवार ने भी संबोधित करते हुए सभी वर वधु को शुभकामनाएं दी।

क्रमांक/157/525/04/2025

 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के 85 लाख से अधिक किसानों के खाते में अंतरित की किसान कल्याण योजना की राशि

—-

मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना से जिले के 2 लाख 52 हजार 872 किसान हुए लाभान्वित

जिले के हितग्राही संबल योजना से हुए लाभान्वित

2 बैतूल 30 अप्रैल 2025

                मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने 30 अप्रैल को धार जिले के उमरबन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत प्रदेश के 85 लाख से अधिक किसानों के खाते में वर्ष 2025-26 की प्रथम किश्त 1704.94 करोड़ की राशि अंतरित की। इस अवसर पर प्रदेश के 27 हजार से अधिक संबल हितग्राहियों को 600 करोड़ की राशि तथा 1870 करोड़ की माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना एवं विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया गया।

       बैतूल कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उईके, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री कृष्णा लोखंडे, जनपद सदस्य श्री काकोडिया, श्री सुधाकर पवार, श्री कमलेश सिंह, अपर कलेक्टर श्री राजीव नंदन श्रीवास्तव, एसडीएम श्री राजीव कहार सहित हितग्राही उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा सम्बल वन क्लिक कार्यक्रम में बैतूल जिले के कुल 682 हितग्राहियों को संबल योजना अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि के 627 सामान्य मृत्यु के प्रकरणों में 53 दुर्घटना मृत्यु के प्रकरणों में एवं 2 आंशिक अपंगता के प्रकरणों में अनुग्रह सहायता राशि प्रदाय की गई।इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री उईके ने संबल योजना के हितग्राहियों को चेक प्रदान किए। इसके अलावा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत जिले के 2 लाख 52 हजार 872 किसानों को 50 करोड़ 57 लाख 44 हजार की राशि अंतरित की गई। जिले में ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में विभिन्न जनप्रतिनिधि सम्मिलित हुए। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया।

क्रमांक/155/523/04/2025

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत भैंसदेही की जीवन दायिनी मां पूर्णा नदी पर किया घाट निर्माण

3 बैतूल 30 अप्रैल 2025

                कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशानुसार जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी से जल संरक्षण एवं संवर्धन सुनिश्चित करना हैं। इसके तहत ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व वाले तालाबों, जल स्त्रोतों, देवालयों की साफ-सफाई एवं जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जाना हैं।

       मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत भैंसदेही श्री देवेन्द्र दीक्षित ने बताया कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बैतूल श्री अक्षत जैन के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत भैंसदेही में ऐतिहासिक महत्व और प्राकृतिक धरोहर मां पूर्णा नदी के पूर्णा घाट की साफ-सफाई और घाट का 24.70 लाख से निर्माण किया जा रहा है। वर्तमान में एक ओर के घाट का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया है एवं दूसरी ओर का घाट निर्माण कार्य शुरू किया गया है। भैंसदेही विकासखंड की जीवन दायिनी मां पूर्णा में आम जन मानस की आस्था, श्रद्धा और भक्ति भाव से ओत प्रोत है। विकासखंड की 50 ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण कार्यों को ग्रामीणों की सहभागिता से किए जा रहे हैं। प्रति पंचायत 3 खेत तालाब और 7 कूप रिचार्ज पिट के कार्य कराए जा रहे हैं।

क्रमांक/156/524/04/2025

 

Comments are closed.