Madhya Pradesh Latest News

जनसंपर्क अधिकारी बैतूल ने जारी की छह सरकारी खबरें

By,वामन पोटे

जनसंपर्क अधिकारी बैतूल ने जारी की छह सरकारी खबरें

(1) विद्युत कटौती शेड्यूल
______
(2) माध्यमिक शिक्षा मण्डल की हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल की द्वितीय परीक्षा
_______
(3) नागरिक बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना के लिए कर सकते हैं आवेदन
—- 
(4) ई-ऑफिस संचालन के लिए जिला अधिकारियों का प्रशिक्षण सम्पन्न
________
(5) जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत लक्ष्य से अधिक खेत तालाब स्वीकृत
______
(6)15वें वित्त आयोग से जिले में 90.34 लाख की लागत से 13 विकास कार्य किए स्वीकृत
___________________
1 बैतूल 08 मई 2025
बिजली कंपनी द्वारा आज 9 मई को गंज फीडर का मेंटेनेंस कार्य किया जाना है। मेंटेनेंस कार्य के चलते शुक्रवार को प्रातः 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक 33/11 केव्ही हमलापुर उपकेंद्र में गंज फीडर के आबकारी के पास, दिलबहार चौक, मैकेनिक चौक, बीजेपी कार्यालय भवन के पास, गुरुद्वारा रोड, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी गंज, हाथी नाला वाला क्षेत्र, बीएसएनएल के पास, पुलिस कॉलोनी आदि क्षेत्र में विद्युत सप्लाई बंद रहेगी। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड बैतूल शहर जोन-1 के प्रबंधक ने बताया कि किन्ही अपरिहार्य कारणों से समय में परिवर्तन किया जा सकता है।

 

माध्यमिक शिक्षा मण्डल की हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल की द्वितीय परीक्षा

—-

मण्डल ने जारी किये दिशा-निर्देश

 —- 

2 बैतूल 08 मई 2025
सत्र 2024-25 की हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी द्वितीय परीक्षा के लिये एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से 7 मई से फार्म भरे जाना शुरू हो गये है। फार्म 21 मई 2025 तक रात्रि 12 बजे तक भरे जा सकेंगे। हाई स्कूल द्वितीय परीक्षा 17 जून से 26 जून 2025 तक और हाई सेकेंडरी द्वितीय परीक्षा 17 जून से 5 जुलाई 2025 तक प्रातः: 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम मण्डल की वेब साइट www.mpbse.nic.in पर देखी जा सकती है।

 

नागरिक बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना के लिए कर सकते हैं आवेदन

 —- 

3 बैतूल 08 मई 2025
शासन द्वारा संचालित भगवान बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत विनिर्माण गतिविधियों के लिए एक लाख रुपये से 50 लाख रुपये तक की परियोजनाएं स्वीकृत करने का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही इस योजना के तहत सेवा एवं व्यवसाय गतिविधियों के लिए एक लाख से 25 लाख रुपये तक की परियोजनाएं स्वीकृत करने का प्रावधान है। इस योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को बैंक द्वारा वितरित एवं शेष ऋण पर 05 प्रतिशत प्रति वर्ष की दर से ब्याज अनुदान तथा बैंक ऋण गारंटी शुल्क प्रचलित दर पर अधिकतम 7 वर्षों तक (मोरेटोरियम अवधि सहित) निगम द्वारा वहन किए जाने का प्रावधान है। इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक एमपी ऑनलाईन माध्यम के से वेबसाइट samast.mponline.gov.in पर अपना आवेदन कर सकते हैं। योजना में इच्छुक अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है। इस योजना का क्रियान्वयन शासन द्वारा निर्धारित “समस्त पोर्टल” के माध्यम से किया जाता है तथा पोर्टल पर यह योजना मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से समन्वित होगी। इस योजना का लाभ लेने के लिए परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

आवश्यक दस्तावेज एवं योग्यता

       योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष हो तथा आवेदक को कक्षा 08 वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके साथ ही जाति प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, समग्र आईडी, फोटो, कोटेशन, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, वाहन के लिए वैध ड्रायविंग लायसेन्स, पेन कार्ड, बैंक पास बुक सहित अन्य दस्तावेज अनिवार्य हैं। इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक किसी बैंक अथवा किसी वित्तीय संस्था का डिफाल्टर न हो और केन्द्र सरकार की किसी अन्य स्वरोजगार योजना का हितग्राही न हो। इस योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए कलेक्ट्रेट स्थित जनजातीय कार्य विभाग से संपर्क किया जा सकता है।

ई-ऑफिस संचालन के लिए जिला अधिकारियों का प्रशिक्षण सम्पन्न

 —- 

4 बैतूल 08 मई 2025
गुरुवार को ई-दक्ष केंद्र, बैतूल में ई-ऑफिस संचालन से संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण का संचालन जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी श्रीमती रचना श्रीवास्तव और मास्टर ट्रेनर श्री दिनेश पवार द्वारा किया गया। उन्होंने अधिकारियों को ई-ऑफिस प्रणाली के तहत नोटशीट तैयार करने, वरिष्ठ अधिकारियों को प्रेषित करने, विभागों के मध्य सूचना संप्रेषण, डिजिटल सिग्नेचर के उपयोग, एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार पूर्वक प्रदान कीं।
प्रशिक्षण के दौरान ई-ऑफिस में प्राप्त होने वाले ऑनलाइन पत्रों का अवलोकन, उनका निपटान एवं संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को उचित रूप से प्रेषण की प्रक्रिया को भी स्पष्ट किया गया। इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षणार्थियों द्वारा उठाए गए विभिन्न प्रश्नों व शंकाओं का समाधान भी श्रीमती श्रीवास्तव द्वारा तत्परता से किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जिला स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में डिजिटल प्रणाली के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करना एवं कार्यों की गति व पारदर्शिता को बढ़ाना रहा।

जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत लक्ष्य से अधिक खेत तालाब स्वीकृत

 —- 

5 बैतूल 08 मई 2025
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले में खेत तालाब निर्माण कार्यों को गति प्रदान की जा रही है। अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी की उप यंत्री श्रीमती खुशबू ब्रम्हे द्वारा अपने क्षेत्र में आवंटित कुल 43 खेत तालाब के विरुद्ध 45 खेत तालाब की स्वीकृति कराई जाकर कार्य प्रारंभ कराये गये है। साथ ही एक सप्ताह में 6 और अतिरिक्त खेत तालाब स्वीकृत कराये जाने के लिए प्रयासरत हैं। उप यंत्री श्री ब्रम्हे द्वारा ग्राम पंचायत झोली में सर्वाधिक 14 खेत तालाब स्वीकृत कराये गये, जिसमें सरपंच श्रीमती फुलवन्ती उईके एवं सचिव श्री विनोद चौरसिया का विशेष सहयोग रहा। इसी प्रकार जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी की उपयंत्री श्रीमती पूजा गडकरी द्वारा अपने क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया गया हैं। श्रीमती गडकरी द्वारा आवंटित कुल 43 खेत तालाब के विरुद्ध 42 खेत तालाब की स्वीकृति कराई जाकर कार्य प्रारंभ कराये गये हैं। श्रीमती गडकरी द्वारा ग्राम पंचायत सिवनपाट में सर्वाधिक 10 खेत तालाब स्वीकृत किए गए, जिसमें सरपंच श्रीमती मुनाबाई मर्सकोले एवं सचिव श्री श्रीवास मालाकार का विशेष सहयोग रहा।
इसके अलावा जनपद पंचायत मुलताई के उप यंत्री श्री तरुण कालबांडे द्वारा  द्वारा उनको आवंटित कुल 25 खेत तालाब के विरुद्ध 26 खेत तालाब की स्वीकृति कराई जाकर कार्य प्रारंभ कराये गये हैं, जो कि लक्ष्य से अधिक हैं। श्री कालबांडे 03 और अतिरिक्त खेत तालाब स्वीकृति के लिए भी आश्वस्त किया हैं। श्री कालबांडे द्वारा ग्राम पंचायत पिपरिया में सर्वाधिक खेत तालाब स्वीकृत कराये गये, जिसमें सरपंच श्रीमती सीमा करदाते एवं जीआरएस श्री कमल पंवार का विशेष सहयोग रहा।

 
 

15वें वित्त आयोग से जिले में 90.34 लाख की लागत से 13 विकास कार्य किए स्वीकृत

 —- 

6 बैतूल 08 मई 2025
15वें वित्त आयोग के अंतर्गत जिले में 90.34 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन ने बताया कि 15 वें वित्त आयोग अंतर्गत जनपद पंचायत मुलताई की ग्राम पंचायत रिधोरा एवं परमंडल में 4.50-4.50 लाख की लागत से आरसीसी नाली निर्माण, ग्राम पंचायत पारडसिंगा में 5.50 लाख की लागत से उचित मूल्य की दुकान निर्माण, ग्राम पंचायत खेड़ाकला में  4 लाख की लागत से यात्री प्रतिक्षालय निर्माण एवं ग्राम पंचायत ऐनस में 6.50 लाख की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई हैं।
इसी प्रकार जनपद पंचायत प्रभात पट्टन की ग्राम पंचायत सिरसावाडी में  5 लाख की लागत से नाली निर्माण, ग्राम पंचायत रगडगांव में 7.39 लाख की लागत से बाउंड्रीवाल निर्माण एवं ग्राम पंचायत सावंगी में 5 लाख की लागत से प्रोफाइल शीट शेड निर्माण, जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी की ग्राम पंचायत विक्रमपुर में राशि 9 लाख की लागत से नाली निर्माण एवं ग्राम पंचायत चिखलीमाल में राशि 4.50 लाख की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण, जनपद पंचायत भीमपुर की ग्राम पंचायत चिखली में राशि 10 लाख की लागत से स्टापडेम निर्माण एवं जनपद पंचायत भैंसदेही की ग्राम पंचायत गदराझिरी में राशि 10 लाख की लागत से स्टापडेम निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई हैं। जनपद पंचायत आमला की ग्राम पंचायत बोरदेही में राशि 14.45 लाख की लागत से घाट निर्माण एवं साफ सफाई भैंसई नदी पर स्वीकृत किया गया हैं।

 

Comments are closed.