Madhya Pradesh Latest News

जनसंपर्क अधिकारी बैतूल ने जारी की पांच सरकारी खबरें

By,वामन पोटे

हेमंत खंडेलवाल ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साहखेलों के महत्व के प्रति किया जागरूक

—-

ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शुभारंभ

—-

1.बैतूल 09 मई 2025
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक श्री निश्चल एन झरिया के मार्गदर्शन में जिला खेल और युवा कल्याण विभाग, जिला प्रशासन के सहयोग से ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 5 मई से 5 जून 2025 तक संचालित किया जा रहा है। जिला खेल और युवा कल्याण विभाग बैतूल द्वारा जिले में मुख्यालय पर 08 खेलों- हॉकी, कराते, कबड्डी, फुटबॉल, व्हॉलीबॉल, बास्केटबॉल, खो-खो, एथेलटिक्स खेलों एवं समस्त विकासखण्डों में प्रचलित 02 खेलों में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किये जाने एवं उत्तम खेल तकनीक सिखाये जाने के उद्देश्य से खेल और युवा कल्याण विभाग बैतूल द्वारा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल विधायक के मुख्य आतिथ्य में खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को स्थानीय मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में किया गया। इस दौरान विधायक श्री खंडेलवाल एवं जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती पूजा कुरील द्वारा ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण दे रहे प्रशिक्षकों को विभाग की ओर खेल सामग्री का वितरण किया, जिससे प्रशिक्षक खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल अभ्यास करा सके। विधायक श्री खंडेलवाल ने खेलो बढो अभियान को आगे बढाते हुये खिलाड़ी बच्चों को खेल की महत्ता, रुचि, भागीदारी बढाने एवं नए खिलाड़ियों को विकसित कर गौरवान्वित करने के लिए प्रोत्साहित किया। विधायक श्री खंडेलवाल ने युवा पीढ़ी को देश की रक्षा में योगदान देने का आव्हान किया। जिला खेल अधिकारी श्रीमती पूजा कुरील द्वारा खेलो बढो अभियान के तहत खेलों से जुड़ने एवं आगे बढ़ने के लिए विभाग की योजनाओं की जानकारी दी।

शालाओं और अखाड़ों को भी खेल सामग्री का किया वितरण

       इसके अलावा जिले में संचालित व्यायाम शालाओं, अखाड़ों को खेल सामग्री, खेल उपकरण का वितरण किया गया। इस अवसर पर का सीए एसोसिएशन अध्यक्ष श्री प्रदीप  खंडेलवाल, श्री रमेश भाटिया, श्री मुकेश वर्मा, हॉकी संघ अध्यक्ष श्री अक्षय वर्मा, सचिव श्री जागेंद्र सिंह तोमर, श्री शैलेश गुबरेले, कुश्ती संघ अध्यक्ष श्री सतीश महाते, श्री शारिक खान एवं क्रीड़ा अधिकारी डॉ. नीलिमा पीटर, सहा प्राध्यापक डॉ.शीतल खरे, अखाड़ा परिवार श्री मूलचंद यादव, समस्त जिला खेल प्रशिक्षक, खेल प्रशिक्षक, समस्त युवा समन्वयक एवं खिलाडी़ उपस्थित रहे।

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत स्वीकृत समस्त कार्य तीन दिवस की अवधि में प्रारंभ करें : जिला पंचायत सीईओ श्री जैन

—-

जिला पंचायत सीईओ श्री जैन खंडारा एवं खेड़ी सावलीगढ सेक्टर का किया औचक निरीक्षण

—- 

2 .बैतूल 09 मई 2025
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत स्वीकृत खेत तालाब, डगवेल रिचार्ज, चेकडेम जैसे समस्त कार्य आगामी तीन दिवस की अवधि में प्रारंभ कर 15 दिनों में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उक्त निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन ने शुक्रवार को जनपद पंचायत बैतूल के खंडारा एवं खेडीसावलीगढ सेक्टर के औचक निरीक्षण के दौरान सेक्टर मुख्यालय पर आयोजित सहायक यंत्री, उप यंत्री, सचिव, ग्राम रोजगार सहायको की समीक्षा बैठक में दिए। जिला पंचायत सीईओ श्री जैन ने निर्देशित किया कि पूर्व से लंबित जल संवर्धन, संरक्षण के कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण कराया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के हितग्राहियों से निरंतर संपर्क किया जाकर समस्त आवास समय सीमा में पूर्ण कराए जाए। समग्र ईकेवायसी शत प्रतिशत पूर्ण किये जाने के लिए ग्राम स्तर पर ऐसे स्थान चिन्हित किए जाए जहां पर ग्रामीण अधिक संख्या में एकत्रित होते है तथा वहां पर ग्रामीणों से संपर्क किया जाएं। किसी भी ग्राम में पेयजल समस्या होने पर तत्काल उप यंत्री, सचिव, जीआरएस एवं सरपंच द्वारा पीएचई/जनपद पंचायत के संज्ञान में लाकर समाधान के लिए प्रयास किये जाए।

भूतपूर्व सैनिकों की बैठक 14 को

—- 

3.बैतूल 09 मई 2025
भूतपूर्व सैनिकों की बैठक 14 मई को जनपद पंचायत मुलताई में दोपहर 2 बजे से एवं जनपद पंचायत आमला में 3.30 बजे से आयोजित की गई है। कैप्टन आईएन श्री सुमित सिंह सेवानिवृत्ति जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने भूतपूर्व सैनिकों, शहीदों की पत्नियों से बैठक में यथा समय उपस्थित होने का अनुरोध किया है।

नेशनल लोक अदालत आज

—- 

4 .बैतूल 09 मई 2025
माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री दिनेश चन्द्र थपलियाल के मार्गदर्शन में आज 10 मई दिन शनिवार को जिला मुख्यालय जिला न्यायालय बैतूल एवं तहसील अंतर्गत सिविल न्यायालय मुलताई, भैंसदेही, आमला में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। उक्त लोक अदालत के माध्यम से न्यायालयों में लंबित समस्त प्रकार के सिविल, आपराधिक प्रकरण, चैक बाउंस के प्रकरण, धन वसूली संबंधी मामले, मोटर दुर्घटना से संबंधित मामले, श्रम, विद्युत चोरी, वैवाहिक मामले, भूमि अधिग्रहण संबंधी मामले, राजस्व संबंधी मामले एवं अन्य दीवानी मामलों का निराकरण लोक अदालत में किया जाएगा है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीत श्री दिनेश चन्द्र थपलियाल द्वारा प्रकरणों के निराकरण के लिए जिला मुख्यालय बैतूल एवं तहसील स्तर मुलताई, भैंसदेही एवं आमला के लिये कुल 26 खण्डपीठ का गठन किया गया है। लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों में राजीनाम/निराकरण होने पर कोर्ट फीस की पूर्ण वापसी हो जाती है। न्यायालय प्रक्रिया में लगने वाले समय एवं धन की बचत तथा आपसी कटुता का अंत हो जाता है। नगरपालिका, नगर परिषद द्वारा सम्पत्तिकर एवं जलकर के प्रकरणों में अधिभार (सरचार्ज) में नियमानुसार छूट दी जा रही है। मप्र. नगर पालिका निगम अधिनियम, 1956 की धारा 162 व 163 तथा म.प्र. नगर पालिका अधिनियम की धारा 130, 131 तथा 132 में निहित शक्तियों को उपयोग में लाते हुए राज्य शासन एद्वारा सम्पत्ति कर अधिभार (सरचार्ज) जल उपभोक्ता प्रभार (सरचार्ज) में नियमानुसार छूट दी जा रही है।

 जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत किया बीज एकत्रीकरण

नदी तटों पर कटाव रोकने और हरित पट्टी विकसित करने की दिशा में पहल

—- 

5 .बैतूल 09 मई 2025
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद घोड़ाडोंगरी द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान 2025 के अंतर्गत जिले की प्रमुख नदियों ताप्ती, तवा, पूर्णा, वर्धा, माचना तथा स्थानीय देनवा नदी के किनारों पर मिट्टी कटाव रोकने एवं हरित क्षेत्र विकसित करने के लिए पौधारोपण और सीडवाल निर्माण की व्यापक योजना बनाई गई है। इस क्रम में घोड़ाडोंगरी की अर्जुन गोंदी पहाड़ी से अर्जुन, करंज, तेंदू, नीम आदि बहुवर्षीय प्रजातियों के लगभग 5 क्विंटल बीज एकत्रित किए गए हैं। यह बीज आगामी हरियाली अमावस्या से शुरू होने वाले वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत नदियों के किनारों पर सीडवाल के रूप में लगाए जाएंगे। साथ ही नवांकुर संस्थाओं द्वारा निर्मित स्थानीय नर्सरियों में इन बीजों से पौधे तैयार कर उन्हें नदियों और पहाड़ियों के किनारे रोपा जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं जल स्रोतों के पुनर्जीवन में योगदान मिलेगा।बीज एकत्रीकरण के इस महत्वपूर्ण अभियान में विकासखण्ड समन्वयक सन्तोष राजपूत के मार्गदर्शन में ग्राम कान्हावाड़ी के पूर्व सरपंच श्री नरेंद्र उइके एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्यगण सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

Comments are closed.