जनसंपर्क अधिकारी बैतूल ने जारी की आधा दर्जन सरकारी खबरें
जनसुनवाई में ग्राम धामोरी के बुजुर्ग नामदेव चरपे को मिला न्याय, वृद्धा पेंशन हुई चालू
—
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं का किया समाधान
—-
जनसुनवाई में फॉरेस्ट विभाग के तीनों एसडीओ अनुपस्थित मिलने पर एक दिन का वेतन काटे जाने के दिए निर्देश
—-
(1) बैतूल 13 मई 2025
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रातः: 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अनेक समस्याओं का निराकरण मौके पर ही किया। जनसुनवाई में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। जनसुनवाई में आठनेर तहसील के ग्राम धामोरी निवासी बुजुर्ग नामदेव चरपे ने वृद्धा पेंशन को चालू किए जाने के लिए आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने जिला पंचायत आठनेर सीईओ को तत्काल वृद्धा पेंशन शुरू किए जाने के निर्देश दिए। भैंसदेही तहसील के ग्राम झल्लार निवासी शेषराव कनाठे ने पंचनामा एवं प्रतिवेदन अनावेदक से दिलवाए जाने के लिए आवेदन दिया। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने भैंसदेही एसडीएम को पटवारी के खिलाफ कार्रवाई करने और 9 माह का रिकॉर्ड निकलवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा आमला तहसील के ग्राम बोरदेही निवासी डॉ.आशीष बंशकार द्वारा लिवर ट्रांसप्लांट कराने के लिए विधायक निधि से सहायता राशि दिलवाये जाने के आवेदन पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए।इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीईओ श्री अक्षत जैन, संयुक्त कलेक्टर श्री मकसूद अहमद ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में कुल 118 आवेदन प्राप्त हुए।
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समय सीमा में करें निराकरण
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने जनसुनवाई के दौरान कलेक्ट्रेट में स्थित कंट्रोल रूम नंबर-18 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आवेदकों से प्राप्त आवेदनों के संधारण की स्थिति का अवलोकन भी किया। उन्होंने जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का निराकरण समय सीमा में किए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके अलावा कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने जनसुनवाई में फॉरेस्ट विभाग के तीनों एसडीओ अनुपस्थित पाए जाने पर एक दिन का वेतन काटे जाने के निर्देश दिए, ताकि जिम्मेदारी और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने के दिए निर्देश
जनसुनवाई में घोड़ाडोंगरी तहसील के ग्राम शोभापुर कॉलोनी निवासी गेंदलाल निरापुरे ने आवेदन के माध्यम से दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाए जाने की मांग की। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी को तत्काल विकलांग प्रमाण पत्र बनवाए जाने के निर्देश दिए। बैतूल निवासी हरिया बंशकार ने रोजगार उपलब्ध कराए जाने के लिए जनसुनवाई में आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। चिचोली तहसील के पाथाखेड़ा निवासी रामाधार आर्य द्वारा ट्यूबवेल का कनेक्शन खेत में करवाए जाने के आवेदन पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों को प्रकरण का तत्काल निराकरण किए जाने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण हटाने तहसीलदार को दिए निर्देश
जनसुनवाई में मुलताई तहसील के ग्राम साईंखेड़ा निवासी गगन लावसायेर ने मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाए जाने के लिए जनसुनवाई में आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। आठनेर निवासी सुभाष चंद्र जैसवाल ने कॉम्प्लेक्स परिसर के सामने हुए अतिक्रमण को हटाए जाने के लिए आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने आठनेर तहसीलदार को तत्काल अतिक्रमण हटाए जाने के निर्देश दिए। भैंसदेही निवासी शांताबाई प्रजापति ने पूर्णा जिला से पानी नहीं दिए जाने की शिकायत की। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। बैतूल तहसील के ग्राम बारव्ही निवासी देवीदास धोटे ने आवासीय पट्टा दिए जाने के लिए आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बैतूल तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैतूल तहसील के ग्राम गोदरा निवासी शांति बाई उइके ने पति के मृत्यु उपरांत कृषि कल्याण से मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि दिलाए जाने के लिए जनसुनवाई में आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए।
जन शिकायतों के निराकरण में खराब परफॉर्मेंस पर अधिकारियों का कटेगा वेतन : कलेक्टर श्री सूर्यवंशी
—–
जल संरक्षण एवं संवर्धन के निर्माण कार्यों में गति लाएं
—-
(2 )बैतूल 13 मई 2025
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण एवं संवर्धन की अवसंरचना निर्माण के कार्यों में गति लाएं। सभी निकायों में प्रस्तावित रैनवाटर हार्वेस्टिंग, नालो का शोधन, पानी के अपव्यय को रोकने इत्यादि कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराएं। यह निर्देश कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को दिए। मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि निकायों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रहे। साफ सफाई, पेयजल इत्यादि मूलभूत कार्य सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो। जल गंगा संवर्धन अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही दिखाई देने पर संबंधित सीएमओ के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने सभी एसडीएम को भी अपने क्षेत्र में बनने वाले नवीन भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग के कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी विभागवार विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने शिकायतों के निराकरण में संतोषजनक प्रगति नहीं लाने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा तीनों अनुविभागीय अधिकारी फॉरेस्ट के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि शिकायतों के निराकरण में संतोषजनक प्रगति नहीं लाने पर परफॉर्मेंस प्रतिशत के आधार पर वेतन काटने की कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने सभी सीएमओ को अपने क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा के संबंध में प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय सहित सभी निकायों में सायरन भी लगाएं जाएं। जिला मुख्यालय पर राउंड द क्लॉक कंट्रोल रूम का भी सक्रिय संचालन कराएं। उन्होंने सभी एसडीएम को भी अपने क्षेत्र में धारा 163 के तहत जारी प्रतिबंधात्मक आदेश का भी प्रभावी ढंग से पालन कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने वनखंड व्यवस्थापन के प्रकरणों के निराकरण की भी बैठक में जानकारी ली। उन्होंने वन विभाग द्वारा वन खंड व्यवस्थापन के प्रकरणों में संतोषजनक प्रगति नहीं लाने पर नाराजगी जाहिर कि। उन्होंने सभी एसडीओ फॉरेस्ट को सख्त हिदायत दी की प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पर अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन, संयुक्त कलेक्टर श्री मकसूद अहमद सहित सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहें।
आदि गुरु शंकराचार्य ने अद्वैत वेदांत दर्शन की स्थापना कर उन्नति का मार्ग किया प्रशस्त : केंद्रीय मंत्री श्री दुर्गादास उइके
—
आदि गुरु शंकराचार्य का जीवन समाज कार्य की देता है प्रेरणा : मोहन नागर
—
आदि गुरु शंकराचार्य जी के जन्मोत्सव पखवाड़े पर व्याख्यानमाला का आयोजन
—-
(3)बैतूल 13 मई 2025
आदि गुरु शंकराचार्य जन्मोत्सव पखवाड़े पर मंगलवार को व्याख्यान माला का शुभारंभ बैतूल के भारत-भारती परिसर में अतिथियों द्वारा आदि गुरु शंकराचार्य के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ प्रारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री जनजातीय मामले भारत सरकार श्री दुर्गादास उइके, मप्र जन अभियान परिषद उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर, शासी निकाय सदस्य म.प्र. जन अभियान परिषद बुधपाल पाल ठाकुर, श्री अनिल अग्रवाल कार्यक्रम में उपस्थित थे। कार्यक्रम की अवधारणा जिला समन्वयक श्रीमती प्रिया चौधरी ने रखी। उपस्थित अतिथियों का अंग वस्त्र एवं पुष्प भेंटकर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री जनजातीय मामले भारत सरकार श्री दुर्गादास उइके ने अपने उद्बोधन में कहा कि आचार्य शंकराचार्य ने सभी वेदों के भाष्य लिखकर उनका सरलीकरण कर समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया। अद्वैतवाद के सिद्धांत के बारे में भी विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि आदि गुरु शंकराचार्य जी ने उपनिषदों और ब्रह्मसूत्र की व्याख्या करते हुए अद्वैत वेदांत दर्शन की स्थापना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वक्ता प्रदेश उपाध्यक्ष राज्य मंत्री दर्जा जन अभियान परिषद श्री मोहन नागर ने कहा कि आदि गुरु शंकराचार्य जी ने राष्ट्र को एकाकार करके एकात्म दर्शन को बतलाया है। साथ ही संगठित भारत को एक नई पहचान दी। शासी निकाय सदस्य म.प्र. जन अभियान परिषद श्री बुधपाल सिंह ठाकुर ने भारत में आदि गुरु शंकराचार्य जी के योगदान पर प्रकाश डाला। जिला समन्वयक श्रीमति प्रिया चौधरी ने जल गंगा संवर्धन अभियान की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन विकासखण्ड समन्वयक घोड़ाडोंगरी सन्तोष राजपूत एवं आभार विकासखण्ड समन्वयक पट्टन श्रीमती राधा बरोदे ने व्यक्त किया। इस अवसर पर संभाग समन्वयक नर्मदापुरम श्री कौशलेश तिवारी, समस्त विकासखंड समन्वयक ,सामाजिक कार्यकर्ता, नवांकुर संस्था प्रतिनिधि, स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि, समस्त परामर्शदाता सहित 130 प्रतिनिधि उपस्थित थे।
जिले में जल संवर्धन के लिए 6500 जलदूत ग्रामीणों को कर रहे है जागरूक
—-
जन आंदोलन बन रहा जल गंगा संवर्धन अभियान
—-
(3)बैतूल 13 मई 2025
जलवायु परिवर्तन, अनियमित वर्षा एवं जल स्रोतों की उपेक्षा के कारण जल स्तर निरंतर गिरता जा रहा है। इसी समस्या को दृष्टिगत रखते हुए राज्य शासन द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरुआत की गई है, जिसका उद्देश्य जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाकर हर गांव तक पहुंचाना है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए बैतूल जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन कार्यरत 6500 सामुदायिक संसाधन व्यक्ति सीआरपीएस को जलदूत के रूप में प्रशिक्षित कर गांव-गांव में जल संरक्षण के संदेशवाहक के रूप में तैनात किया गया, जो गांव-गांव में जलदूत बनकर जल है तो कल है के संदेश को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। उनका सक्रिय योगदान ही इस अभियान की सफलता के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इन जलदूतों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को जल संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाना, परपंरागत जल स्त्रोतों का पुनरुद्धार करना, वर्षा जल का संचयन एवं उपयोग सुनिश्चित करना, जल संसाधनों का समुचित प्रबंधन, सामुहिक जनभागीदारी से जल आधारित आजीविका को सशक्त बनाना। जिले के सभी विकासखंडों में एनआरएलएम के अंतर्गत कार्यरत 6500+ सीआरपीएस को जल संरक्षण विषय पर आजीविका मिशन टीम द्वारा समूह संगठनों के नियमित बैठकों के माध्यम से विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
समुदाय की जागरूकता से पर्यावरणीय समस्याओं का होगा समाधान-
बैतूल जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत सीआरपीएस द्वारा जलदूत के रूप में किए गए प्रयासों से यह प्रमाणित होता है कि जब समुदाय जागरूक होता है और नेतृत्व जिम्मेदारी लेता है, तो पर्यावरणीय समस्याओं का समाधान सामूहिक रूप से किया जा सकता है। इस अभियान से जल संरक्षण की दिशा में एक स्थायी बदलाव की नींव रखी गई है। यद्यपि अभियान अभी प्रगति में है, लेकिन समूह सीआरपीएस जलदूत की भूमिका में एक सशक्त सामाजिक उत्प्रेरक के रूप में उभरे हैं। इनकी मेहनत और गांव स्तर की सक्रियता जल संरक्षण को जनांदोलन बनाने की दिशा में कारगर सिद्ध हो रही है। जलदूतों की यह यात्रा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज के भविष्य की रक्षा का संकल्प बन चुकी है।
माय भारत में युवाओं को नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक बनने का दिया आमंत्रण
—-
(4)बैतूल 13 मई 2025
युवा मामले एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की पहल माय भारत के अंतर्गत युवाओं को नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक के रूप में नामांकन भरने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह पहल युवाओं को राष्ट्र हित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला युवा अधिकारी श्रीमती सुषमा गवली ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य एक प्रति प्रशिक्षित उत्तरदायी स्वयंसेवक का बल तैयार करना है, जो की प्राकृतिक आपदा दुर्घटनाओं सार्वजनिक आपदा स्थिति और अन्य अप्रत्याशित संकट के दौरान नागरिक प्रशासन कि मदद कर सके। उन्होंने बताया कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए एक मजबूत सामुदायिक आधारित प्रतिक्रिया तंत्र की आवश्यकता पहले से कई अधिक है। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक स्थानीय प्रशासन को बचाव और निकासी अभियान प्राथमिक चिकित्सा व आपातकालीन देखभाल यातायात प्रबंधन व भीड़ नियंत्रण सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने आपदा प्रतिक्रिया और पुनर्वास प्रयासों से सहयोग करेंगे। माय भारत पर पंजीयन की प्रक्रिया सरल है और इसके माध्यम से देश भर के युवा इस राष्ट्रीय मिशन से जुड़ सकते हैं। स्वयंसेवकों के रूप में पंजीयन करके और देश सेवा में अपना योगदान दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम आज
—-
आज पुलिस ग्राउंड बैतूल में आयोजित होगा सामूहिक विवाह कार्यक्रम
—-
(5)बैतूल 13 मई 2025
जनपद पंचायत चिचोली के तत्वावधान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना 2025 के अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम आज 14 मई को पुलिस ग्राउंड बैतूल में प्रातः 11 बजे से आयोजित किया जाएगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत चिचोली ने बताया कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंग उइके की अध्यक्षता में आयोजित होगा। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उईके, विशेष अतिथि बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, भैंसदेही विधायक श्री महेंद्र सिंह चौहान, आमला विधायक डॉ.योगेश पंडाग्रे, मुलताई विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पवार, उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में चिचोली तहसील के वर-वधू सात फेरे लेकर परिणय सूत्र में बंधेंगे।
दो दिवसीय राष्ट्रीय सिकलसेल टीकाकरण कार्यक्रम आज से
—-
(6)बैतूल 13 मई 2025
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश परिहार ने बताया कि 14 एवं 15 मई 2025 को राष्ट्रीय सिकलसेल कार्यक्रम के अंतर्गत 0 से 20 वर्ष के चिन्हित सिकलसेल पॉजिटिव मरीजों का दो दिवसीय टीकाकरण जिला चिकित्सालय बैतूल एवं समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर किया जाएगा।
सिविल सर्जन डॉ जगदीश घोरे ने बताया कि जिला चिकित्सालय बैतूल के एमसीएच भवन में आयोजित इस टीकाकरण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में सिकलसेल रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्त परीक्षण कर उपचार भी किया जायेगा। सिकलसेल मरीजों का डिसऐबिलिटी प्रमाण पत्र एवं फॉलोअप कार्ड भी बनाया जायेगा। सिकलसेल नोडल डॉ अंकिता सीते ने आग्रह किया है कि असुविधा से बचने हेतु सिकलसेल रोग के हितग्राही अपने साथ एचपीएलसी (सिकलसेल) रिपोर्ट, आधार कार्ड, समग्र आईडी की छायाप्रतियां एवं पासपोर्ट साईज फोटो अवश्य लायें।
Comments are closed.