Madhya Pradesh Latest News

जनसंपर्क अधिकारी बैतूल ने जारी की आधा दर्जन सरकारी खबरें

By,वामन पोटे

जिले में शराब के निर्धारित मूल्य से अधिक विक्रय पर सख्ती, कलेक्टर ने अधिकृत ठेकेदारों को दी सख्त हिदायत

——

अवैध रूप से शराब के विक्रय और परिवहन पर कड़ी कार्यवाही की जाएं

—-

लापरवाही पर आबकारी अमले के खिलाफ होगी निलंबन की कार्यवाही

—-

(1)बैतूल 15 मई 2025
जिले में शराब के अवैध विक्रय और निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में अधिकृत मदिरा ठेकेदारों और आबकारी विभाग के अमले को स्पष्ट निर्देश दिए कि शराब का विक्रय केवल निर्धारित मूल्य पर ही किया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी शराब दुकानों पर मूल्य सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए, जिससे उपभोक्ताओं को जानकारी रहे। अधिकृत सूची आबकारी विभाग द्वारा ठेकेदारों को दी जाएं। यदि निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर शराब बेचने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों एवं अधिकृत दुकानों के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर शराब विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने महाराष्ट्र सीमा से भी अवैध शराब परिवहन पर रोक लगाने के निर्देश दिए और आबकारी व पुलिस विभाग को सतत कार्यवाही के लिए ताकीद किया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री निश्चल झारिया ने भी सभी एसडीओपी और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्रों में अवैध शराब विक्रय पर नजर रखें और कठोर कार्रवाई करें। जिले में अवैध रूप से शराब का विक्रय और परिवहन न हो। मूल्य वृद्धि की शिकायतों पर भी सख्त ठेकेदारों पर कड़ी कार्यवाही कराएं। बैठक में जिला आबकारी अधिकारी, सभी उपनिरीक्षक और लाइसेंसी ठेकेदार उपस्थित रहे। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने आबकारी विभाग एवं पुलिस के अधीनस्थ अमले को सख्त हिदायत दी है कि उनके क्षेत्र में अवैध रूप से शराब के विक्रय और परिवहन तथा निर्धारित मूल्य से अधिक पर शराब विक्रय संबंधी शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

राष्ट्रीय डेंगू दिवस

डेंगू बुखार से जनमानस को बचाने स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

—–

(2)बैतूल 15 मई 2025
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश परिहार ने बताया कि प्रतिवर्ष 16 मई को “राष्ट्रीय डेंगू दिवस“ मनाया जाता है। डेंगू, रोग एडीज मच्छर के काटने से फैलता है, यह मच्छर साफ पानी में पनपता है, अतः सप्ताह में एक बार कूलर, टंकी एवं अन्य स्थानों पर भरे हुये पानी को अवश्य खाली करना चाहिये। टायर, गमले, नारियल के खोल आदि में पानी जमा नहीं होने देना चाहिये, अंडरग्राउंड वाटर स्टोरेज टेंक को ढककर रखें। जहां पानी खाली करना संभव न हो वहां मीठा तेल डाल दें जिससे पानी के ऊपर तेल की परत बन जाती है, और एडीज मच्छर के लार्वा नष्ट हो जाते हैं। प्रयास करना चाहिये कि फुल बांह के कपड़े पहनें, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें, खिड़की दरवाजों पर मच्छररोधी जाली लगवाएं, मच्छरों को भगाने वाली क्वाईल, क्रीम एवं रिपेलेन्ट लिक्विड का उपयोग करें एवं मच्छरों को मारने के लिए इलेक्ट्रिक रैकेट का इस्तेमाल करें, पानी को एक सप्ताह से अधिक भरकर न रखें एवं समय-समय पर पानी खाली करते रहें। कूलर की खस भी प्रतिवर्ष बदलें एवं पुराने खस को जलाकर नष्ट करें।

डेंगू बुखार के लक्षण

       सीएमएचओ डॉ.परिहार ने बताया कि डेंगू बुखार के मुख्‍य लक्षण तेज बुखार आना, सरदर्द, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द होना, आंखों के पिछले हिस्से में दर्द होना एवं शरीर पर लाल चकत्ते पड़ना आदि। इस प्रकार के लक्षण दिखाई दें तो नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में संपर्क कर अपना उपचार शीघ्र प्रारंभ करें।

 जिले में खुले पड़े बोरवेलों, कुंओं पर हुए अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन सख्त

सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई

 

—–

(3)बैतूल 15 मई 2025
जिले में खुले पड़े बोरवेलों, कुंओं पर हुए अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई किए जाने का निर्णय लिया है। यह निर्णय खास तौर पर बोरवेल सुरक्षा से संबंधित उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके। इस संबंध में कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों को प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए जाने के निर्देश दिए हैं।
माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत बोरवेल सुरक्षा को लेकर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। सभी खुले बोरवेलों को तुरंत सील किया जाए और जो बोरवेल बंद हो चुके हैं उन्हें कांक्रीट या धातु के ढक्कनों से पूरी तरह से सील किया जाए। इन बोरवेलों की नियमित निगरानी भी की जाए, ताकि कोई भी दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो। यदि किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन किया जाता है, तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा राजस्व सीमा में अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत होने वाली बोरिंग, ट्यूब बल खनन करने उपरांत कोई बोर ट्यूबवेल खनन खुले ना रहे इस संबंध में जनता में जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इस अभियान के माध्यम से लोगों को यह बताया जाएगा कि खुले बोरवेल न केवल जानलेवा हो सकते हैं, बल्कि आसपास के बच्चों और जानवरों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकते हैं। लोगों से अपील की जाएगी कि वे किसी भी खुले बोरवेल को देखे तो तुरंत उसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।

31 मई तक सभी राशन हितग्राहियों की इकेवाईसी कराने के कलेक्टर ने दिए निर्देश

——

मशीन में फिंगरप्रिंट नही आने पर एप के माध्यम से कर सकते हैं इकेवाईसी

——

अभी तक जिले के 1120301 हितग्राहियों ने कराई इकेवाईसी

—–

(4)बैतूल 15 मई 2025
जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन प्राप्त करने वाले सभी पात्र हितग्राहियों की इकेवाईसी का कार्य किया जा रहा है। अभी तक जिले के जिले में 1265112 पात्र हितग्राहियों में से 1120301 हितग्राहियों की ईकेवाईसी की जा चुकी हैं। प्रदेश में बैतूल अग्रणी जिलों में शामिल हैं।
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने 31 मई तक जिले के सभी पात्र हितग्राहियों की इकेवाईसी कराने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही कलेक्टर ने जिले के सभी पात्र राशन हितग्राहियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी इकेवाईसी कराएं ताकि उन्हें आगे भी निर्बाध रूप से राशन प्रदान किया जा सके।

फिंगर नही आने पर एप के माध्यम से कर सकते हैं इकेवाईसी

       ईकेवाईसी कराते समय जिन हितग्राहियों के पीओएस मशीन में फिंगर नहीं आ रहे है वे स्वयं अपने स्मार्टफोन में प्ले स्टोर से मेरा ई-केवायसी एप डाउनलोड कर फेस  इकेवाईसी के माध्यम से  ईकेवाईसी  कर सकते है। इसके लिए सर्वप्रथम ऐप डाउनलोडकरें, फेस इकेवाईसी   डाउनलोड की पूरी प्रक्रिया को एलाउ करें। एप डाउनलोड होने के बाद सबसे पहले अपना स्टेट मध्यप्रदेश का चयन करें, उसके बाद हितग्राही का आधार नंबर दर्ज करें। आधार नंबर दर्ज होने के बाद जनरेट ओटीपी का चयन करें तब आधार में दर्ज मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त होगा। इस ओटीपी को दर्ज कर हितग्राही की जानकारी प्रदर्शित होगी। उसके बाद फेस  इकेवाईसी  के ऑप्शन का चयन कर हितग्राही का फोटो लेना है। फोटो लेते समय हितग्राही को अपनी आँखों की पलकों को दो बार झपकाना है। इसके बाद सफलतापूर्वक  ईकेवाईसी  का मैसेज प्राप्त होगा। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पीओएस मशीन में हितग्राहियों के फिंगर प्रिंट न आने पर वे एप के माध्यम से ईकेवाईसी कराएं।

 पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई तक

—–

(5)बैतूल 15 मई 2025
शासन के निर्देशानुसार पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के शैक्षणिक सत्र 2024-25 अंतर्गत नवीन एवं नवीनीकरण छात्रवृत्ति के आवेदन के लिए 31 मई 2025 तक एमपीटास पोर्टल खोला गया है। इसके लिए सभी पात्र विद्यार्थी 31 मई 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही जिले की सभी शिक्षण संस्थाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे संस्था में अध्ययनरत सभी पात्र विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कराएं। ताकि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।
शासकीय जनजातीय माध्यमिक कन्या आश्रम में समर कैम्प की शुरुआत

—–
(6)बैतूल 15 मई 2025
शासकीय जनजातीय माध्यमिक कन्या आश्रम छात्रावास भौंरा में समर कैंप की शुरुआत बुधवार से की गई। इस अवसर पर सक्षम कार्यक्रम से ब्लॉक मैनेजर ने बच्चों के उत्साह को बढ़ाया और आगामी 2 महीने में होने वाली अलग-अलग गतिविधियों के बारे में भी जानकारी देकर बच्चों के साथ एनर्जाइजर भी किया गया। अतिथि सरपंच श्रीमती मीरा धुर्व, जनपद सदस्य श्रीमान सुधीर नायक ग्रीष्मकालीन शिक्षक श्रीमती सविता विश्वास ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश केवल मनोरंजन का समय नहीं, बल्कि आत्म विकास और प्रतिभा निखारने का सर्वोत्तम अवसर है। उन्होंने बच्चों से मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। जनपद सदस्य सुधीर नायक ने कहा कि बच्चों में सर्वांगीण विकास की वृद्धि के लिए विभिन्न प्रकार के रचनात्मक क्रियाकलाप अति आवश्यक है। अधीक्षिका आरती काव्य कावरे ने बीज से जीवन का संचालन कैसे होता है सत्र लिया गया।

Comments are closed.