Madhya Pradesh Latest News

जनसंपर्क अधिकारी बैतूल ने जारी की 10 सरकारी खबरें

By,वामन पोटे

जनसंपर्क अधिकारी बैतूल ने जारी की 10 सरकारी खबरें

जिला स्तरीय रोजगार मेला 20 मई को

—-

1 ,बैतूल 16 मई 2025
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, आईटीआई एवं जिला रोजगार कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में युवा संगम के तहत शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बैतूल में 20 मई को प्रातः 11 बजे से 4 बजे तक जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में 9 प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित होकर अभ्यर्थियों का चयन करेंगे। उन्होंने जिले के सभी युवाओं से रोजगार मेले में उपस्थित होने का आग्रह किया है।

रोजगार मेले में 9 कंपनियां रहेगी मौजूद

       वर्धमान फैब्रिक्स प्राइवेट लिमिटेड बुदनी में मशीन ऑपरेटर/ट्रेनी वर्कर के 100 पदों, कुलोदय टेक्नोपैक प्राईवेट लिमिटेड दमन गुजरात में मशीन ऑपरेटर/मैकेनिकल/हेल्पर के 100 पदों, यशस्वी ग्रुप भोपाल में अपरेंटिस के 20 पदों, फोर्स मोटर्स प्राईवेट लिमिटेड पीथमपुर में 20 पदों के लिए योग्यता 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई होना अनिवार्य है। इसी प्रकार जेके बायो एग्रीटेक प्राइवेट लिमिटेड भोपाल में सेल्स एग्जीक्यूटिव के 20 पदों तथा आरएफएमआई ग्रुप ग्वालियर में सेल्स एक्जीक्यूटिव, फील्ड मैनेजर, डिजिटल मैनेजर टेली कॉलिंग मैनेजर, बिजनेस एनालिस्ट, डिजिटल ट्रेनर के 120 पदों के लिए योग्यता 10वीं 12वीं, स्नातक होना अनिवार्य है। शक्ति मोटर्स मुलतापी प्राइवेट लिमिटेड मुलताई में सेल्स एग्जीक्यूटिव/सेल्स मैनेजर/मैकेनिक/हेल्पर के 25 पदों के लिए योग्यता 8वीं से स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा होना अनिवार्य है। क्वेस कॉर्प भोपाल में मशीन ऑपरेटर के 50 पदों के लिए योग्यता आईटीआई/डिप्लोमा/डिग्री होना अनिवार्य है। इसके अलावा स्क्लि विजन ऑर्गेनाइजेशन पीथमपुर में ऑपरेटर/हेल्पर/मैकेनिक के 100 पदों के लिए योग्यता 10वीं,12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा होना अनिवार्य है।

 

विद्युत कटौती शेड्यूल

2,बैतूल 16 मई 2025
बिजली कंपनी द्वारा 18 मई को क्रमशः 11 केव्ही फीडर गंज एवं कालापाठा फीडर जेएच कॉलेज चौक पर डीपी शिफ्टिंग कार्य एवं मेंटेनेंस कार्य किया जाना है। मेंटेनेंस कार्य के चलते रविवार को प्रातः 12 से दोपहर 2 बजे तक 33/11 केव्ही हमलापुर उपकेंद्र के गंज फीडर में आबकारी के पास, दिलबहार चौक, मैकेनिक चौक, बीजेपी कार्यालय भवन के पास, गुरुद्वारा रोड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, गंज हाथी नाला वाला क्षेत्र, बीएसएनएल के पास, पुलिस कॉलोनी आदि क्षेत्र में विद्युत सप्लाई बंद रहेगी। इसी प्रकार रविवार को प्रातः 9 से दोपहर 2 बजे तक 33/11 केव्ही हमलापुर उपकेंद्र में कालापाठा फीडर के लोहिया वार्ड, चुन्नी ढाना, राजेंद्र वार्ड, सिविल लाइन, संजय कॉलोनी, मुर्गी चौक, शिवाजी वार्ड, स्वीपर कॉलोनी, जेएच कॉलेज रोड आदि क्षेत्र में विद्युत सप्लाई बंद रहेगी। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड बैतूल शहर जोन-1के प्रबंधक ने बताया कि किन्ही अपरिहार्य कारणों से समय में परिवर्तन किया जा सकता है।

 

राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

3,बैतूल 16 मई 2025
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश परिहार द्वारा शुक्रवार को राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। सीएमएचओ डॉ.परिहार ने बताया कि डेंगू, चिकनगुनिया आदि रोग एडीज मच्छर के काटने से फैलते हैं, यह मच्छर साफ पानी में पनपता है, अतः सप्ताह में एक बार कूलर, टंकी एवं अन्य स्थानों पर भरे हुये पानी को अवश्य खाली करना चाहिये। पानी को खुले स्थानों एवं टायर, गमले, नारियल के खोल आदि में जमा नहीं होने देना चाहिये। जहां पानी खाली करना संभव न हो वहां मीठा तेल डाल दें जिससे पानी के ऊपर तेल की परत बन जाती है, और एडीज मच्छर के लार्वा नष्ट हो जाते हैं। सायं काल में एवं बाहर घूमते समय प्रयास करना चाहिये कि फुल बाहों के कपड़े पहने, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें, मच्छरों को भगाने वाली क्रीम एवं रिपेलेन्ट लिक्विड का इस्तेमाल करें, पानी को स्थिर न रखें पानी खाली करते रहें। मच्छर कहीं भी पनप सकता है, अतः आस-पास की स्वच्छता एवं पानी के संग्रह का भी विषेष ध्यान रखें, कूलर का खस भी प्रतिवर्ष बदलें एवं पुराने खस को जलाकर नष्ट करें। डेंगू बुखार के लक्षण किसी भी प्रकार का तेज बुखार आना, मांसपेशियों, जोड़ों में दर्द होना, सिर दर्द होना एवं शरीर पर लाल चकत्ते पड़ना आदि। इस प्रकार के लक्षण दिखाई दें तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर जांच एवं इलाज कराएं। डेंगू के प्रति स्वयं जागरूक रहें एवं अन्य लोगों में भी जागरूकता का प्रसार करें।
इस अवसर पर जिला मीडिया अधिकारी श्रीमती श्रुति गौर तोमर, डीपीएम डॉ विनोद शाक्य, उप मीडिया अधिकारी श्री महेशराम गुबरेले, परिवार कल्याण शाखा प्रभारी श्री भगत सिंह उइके सहित मलेरिया कार्यालय एवं स्थानीय कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।
 
 

एफआरएचएस इंडिया संस्था द्वारा एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

4,बैतूल 16 मई 2025
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में 15 मई को खंड विस्तार प्रशिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन एफआरएचएस इंडिया संस्था की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान परिवार कल्याण कार्यक्रम से संबंधित प्रशिक्षण प्रदाय करते हुए संस्था की जानकारी दी गई। सीएमएचओ डॉ राजेश परिहार द्वारा वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत किए गए महिला एवं पुरुष नसबंदी शल्य चिकित्सा उपलब्धि की ब्लॉकवार समीक्षा की गई। प्रशिक्षणार्थियों को वर्ष 2025-26 के परिवार कल्याण लक्ष्य के संबंध में उपलब्धि अर्जित करने के निर्देश दिये गये। प्रशिक्षण में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़े को लेकर विस्तृत चर्चा भी की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीपीएम डॉ विनोद शाक्य, उप जिला मीडिया अधिकारी श्री महेशराम गुबरेले, जिला एमएण्डईओ अधिकारी श्री मनोज चढ़़ोकार, परिवार कल्याण शाखा प्रभारी श्री भगतसिंह उइके, एफआरएचएस इंडिया के कोआर्डिनेटर श्री सुरेश वर्मा, एफआरएचएस इंडिया जिला प्रबंधक श्री योगेश पवार, नर्सिग सुपरवाईजर श्री सुरेश बागद्रे एवं जिले के सभी 10 विकासखंडों से खंड विस्तार प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार वर्ष -2025 के लिए आवेदन आमंत्रित

5,बैतूल 16 मई 2025
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार के प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार वर्ष-2025 के लिए आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in पर 1 अप्रैल 2025 से प्रारंभ है। इस संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री गौतम अधिकारी ने बताया कि यह पुरस्कार प्रति वर्ष बहादुरी, खेल, सामाजिक सेवा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी पर्यावरण तथा कला और संस्कृति के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये दिया जाता है। 05 वर्ष से अधिक और 18 वर्ष से कम आयु का कोई भी बच्चा (31 जुलाई 2025 तक) जो भारतीय नागरिक है और भारत में रहता है पुरस्कार के लिये पात्र है। नामांकन/आवेदन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल  https://awards.gov.in के माध्यम से प्राप्त किए जायेंगे। पुरस्कारों के लिए स्व-नामांकन और सिफारिशों, दोनों पर विचार किया जायेगा। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2025 है। विस्तृत जानकारी राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल  https://awards.gov.in पर उपलब्ध है।

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने लिपिक श्री पवार के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया

—–

अनुग्रह निधि तत्काल दिए जाने व पेंशन प्रकरण का त्वरित निराकरण करने के अधिकारियों को दिए निर्देश

—-

6,बैतूल 16 मई 2025
कलेक्टर बैतूल श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने स्वास्थ्य विभाग के लिपिक श्री पवार के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त कर ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने और उनके परिजनों को इस असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की हैं। श्री पवार का शुक्रवार को आकस्मिक निधन हो गया था। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और जिला कोषालय अधिकारी को श्री पवार के परिजनों को अनुग्रह निधि तत्काल दिए जाने व ग्रेजुटी, अवकाश नगरीकरण, जीआईएस, पेंशन प्रकरण और जीपीएफ के प्रकरण का भी त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को भी निर्देशित किया कि शासकीय कर्मचारियों से जुड़े प्रकरणों का पूरी गंभीरता से जल्द से जल्द निराकरण किया जाएं।

 

मुलताई के पोहर में बावड़ी की सफाई के लिए समाज और प्रशासन आया आगे

—-

प्राचीन बावड़ी के संरक्षण के लिए ग्राम पोहर में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित

7,बैतूल 16 मई 2025
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में बैतूल जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जिले में जल स्त्रोतों के संरक्षण में कार्य किए जा रहे है। इसी तारतम्य में विकासखंड मुलताई के ग्राम पोहर में मप्र शासन द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत ग्राम पोहर में स्थित प्राचीन बावड़ी के संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण तथा ग्रामीणों में जल जागरूकता का विस्तार करना था। ज्ञात हो जन अभियान परिषद द्वारा 15 दिन पूर्व भी इस प्राचीन बावड़ी पर श्रमदान कार्यक्रम का शुभारंभ किया था। इस प्रकार पुनः शुक्रवार को फिर इसका श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6 बजे हुई, जिसमें ग्राम के विभिन्न समाज के प्रतिनिधि, ग्रामीण जन, शासकीय  अधिकारीगण तथा स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। श्रमदान के माध्यम से बावड़ी की भीतरी और बाहरी सफाई की गई तथा फावड़े और तगाड़ी की सहायता से गाद व कचरे को हटाया गया। बावड़ी सुधार काम जैसे रिपेयरिंग, व्हाइटवॉश और पेंटिंग, आसपास पेवरिंग, पानी का मेडिकल ट्रीटमेंट और गहरीकरण के लिए भी समाज और प्रशासनिक अधिकारियों ने मिलकर योजना बनाई।

ग्राम चौपाल में बावड़ी के ऐतिहासिक महत्व पर किया संवाद

       इस अवसर पर जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती प्रिया चौधरी, तहसीलदार श्रीमती अलका इक्का, विकासखंड मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री धर्मपाल मेश्राम, ब्लॉक समन्वयक श्रीमती जयप्रकाशी परते तथा ग्राम सरपंच श्रीमती खुशबू पवार विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में जल चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों एवं वरिष्ठ नागरिकों द्वारा बावड़ी के ऐतिहासिक महत्व पर संवाद किया गया। चौपाल में उपस्थित सभी लोगों ने जल संरक्षण की शपथ ली और भविष्य में बावड़ी को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम में नवांकुर संस्था, परामर्शदाता,प्रस्फुटन समिति एवं अन्य ग्रामीणों ने श्रमदान में सहभागिता की।

इंट्रीग्रेटेड हेल्थ केम्प एण्ड कम्युनिकेशन हेल्थ केम्प के अंतर्गत जिले में स्वास्थ्य शिविरों का होगा आयोजन

—-

8,बैतूल 16 मई 2025
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम एवं मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति भोपाल से प्राप्त निर्देशानुसार जिले में इंट्रीग्रेटेड हेल्थ केम्प एण्ड कम्युनिकेशन हेल्थ केम्प के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाना है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश परिहार ने बताया कि शिविरों में हितग्राहियों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ टीबी, हेपेटाईटिस, एचआईव्ही, सिफलिस की जांच की जाएगी। यह शिविर 20 मई 2025 को मुलताई के हथनापुर, 23 मई को मुलताई के पाड़सिंगा, 26 मई को प्रभात पट्टन के निम्बोती, 28 मई को घोड़ाडोंगरी के सीताकामथ, 30 मई 2025 को घोड़ाडोंगरी के पाथाखेड़ा, 6 जून को घोड़ाडोंगरी के कालीमाई, 9 जून को आमला के अम्बाड़ा, 11 जून को आमला के नाहिया, 13 जून को आमला के नयेगांव, 16 जून को भैंसदेही मुख्यालय तथा 18 जून को भैंसदेही के सांवलमेढ़ा, 20 जून को आठनेर के बिसनूर, 23 जून को प्रभात पट्टन के मासोद, 25 जून को प्रभात पट्टन के सांईखेड़ा एवं 27 जून को प्रभात पट्टन के बिरूल बाजार में आयोजित किये जायेंगे। सीएमएचओ डॉ परिहार ने उक्त शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है।

जेएच कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2025-26 से शुरू हो रहे है रोजगारोन्मुखी एडीईपी पाठ्यक्रम

—-

9,बैतूल 16 मई 2025
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जयवंती हॉक्सर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैतूल में राज्य सरकार एवं उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से शैक्षणिक सत्र 2025-26 से एडीईपी के तहत कॉम बैंकिंग फाइनेंशियल सर्विस एंड इंश्योरेंस, बीकॉम रिटेल मैनेजमेंट, बीकॉम लॉजिस्टिक्स कोर्सेस की शुरुआत हो रही है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत युवाओं को कौशल आधारित एवं रोजगारोन्मुखी उच्च शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से की जा रही है।
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, जयवंती हॉक्सर शासकीय  स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्य ने बताया कि एडीईपी पाठ्यक्रमों की विशेषता यह है कि छात्रों को स्नातक की पढ़ाई के अंतिम वर्ष में 6 से 12 महीने की अप्रेंटिसशिप दी जाएगी, जिसमें उन्हें न्यूनतम 8 हजार प्रतिमाह का स्टाइपेंड भी मिलेगा। यह कोर्स छात्रों को न केवल अकादमिक ज्ञान देगा, बल्कि उन्हें व्यावहारिक अनुभव और इंडस्ट्री से जुड़ाव का भी अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि एडीईपी के माध्यम से विद्यार्थियों को उनकी रुचि के क्षेत्र में अनुभव प्राप्त होगा और उन्हें स्नातक की डिग्री के साथ-साथ रोजगार की बेहतर संभावनाएं भी मिलेगी। यह कोर्स युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। छात्र-छात्राएं जिन्होंने 12वीं कक्षा उत्तीर्ण कर ली है, वे इन पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कॉलेज परिसर में या कॉलेज की वेबसाइट https://www.jhgovtbetul.com को विजिट कर सकते है।

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके 18 मई को आएंगे बैतूल

—-

10,बैतूल 16 मई 2025
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके 18 मई से 22 मई 2025 तक बैतूल प्रवास पर रहेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री श्री उइके पांच दिवसीय बैतूल प्रवास के दौरान स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Comments are closed.