Madhya Pradesh Latest News

जनसंपर्क अधिकारी बैतूल ने जारी की सरकारी खबरें

By,वामन पोटे

जनसंपर्क अधिकारी बैतूल ने जारी की सरकारी खबरें

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन को लेकर  सारणी में तैयारियों का कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण

—-

बैतूल 18 मई 2025
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 28 मई को बैतूल जिले के सारणी में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां की जा रहीं हैं। इसी क्रम में रविवार को कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी एवं पुलिस अधीक्षक श्री निश्चल झारिया ने आमला पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाएं प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय आवश्यक है। उन्होंने मंच, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा आदि पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक श्री झारिया ने कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान पूरी व्यवस्था चाक-चौबंद हो। इस दौरान राजस्व, पुलिस, नगरपालिका और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बैतूल से 39 छात्रा एवं 03 छात्रों का दल ऑन जॉब ट्रेनिंग के लिए भोपाल रवाना

—-

बैतूल 18 मई 2025
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की प्रेरणा से महिला सशक्तिकरण के लिए कौशल विकास विभाग एवं एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर भोपाल (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन सोसायटी) के बीच हुए एमओयू के तहत शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बैतूल के इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड के 39 महिला एवं 03 पुरुष प्रशिक्षणार्थियों को 6 दिन के आवासीय ऑन जॉब ट्रेनिंग के लिए संस्था के प्लेसमेंट अधिकारी श्री विवेक दायमा एवं मेहमान प्रवक्ता श्री कृष्ण कुमार बोबड़े के नेतृत्व में भोपाल भेजा गया।
संस्था प्राचार्य श्री रेवाशंकर पंडाग्रे ने बताया कि एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर भोपाल में 06 दिन के ऑन जॉब प्रशिक्षण से प्रशिक्षणार्थियों के तकनीकी ज्ञान एवं समझ में वृद्धि होगी एवं प्रशिक्षण उपरांत अच्छी कंपनियों में जॉब प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। प्रदेश में एकलव्य एवं अंबेडकर योजना में संचालित आईटीआई धार, खेड़ी (खंडवा) सीहोर एवं महिला आईटीआई बैतूल की प्रशिक्षणार्थियों को इस प्रशिक्षण के लिए अवसर दिया गया है। इस प्रशिक्षण में रोबाटिक्स, मेकाट्रॉनिक्स, पीएलसी आदि आधुनिक तकनीक समझने का अवसर प्राप्त होगा।
प्रशिक्षण पर जाने वाले सभी प्रशिक्षणार्थियों को वरिष्ठ प्रशिक्षण अधिकारी श्री दिलीप कुमार सोनी, श्रीमती पुष्पा नागलें, श्रीमती विनिता पाटील एवं समस्त स्टाफ द्वारा शुभकामनाएं दी गई।

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पर्यावरण प्रेमियों ने श्रमदान कर बेल नदी उद्गम स्थल पर की सफाई

जल संरक्षण की भी ली शपथ

बैतूल 18 मई 2025
आमला विकासखंड की ग्राम पंचायत अम्बाडा में बेल नदी के उद्गम स्थल पर रविवार को जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान में विभिन्न सामाजिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों ने मिलकर श्रमदान किया और जल संरक्षण की शपथ ली। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद आमला सहित अन्य जैसे सामाजिक संगठन शामिल थे। ग्रामवासी भी इस अभियान में भागीदार रहे। पर्यावरण प्रेमियों ने आग्रह किया कि जल संरक्षण के प्रयासों को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि यह एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया बननी चाहिए, ताकि हम अपनी नदियों और जल स्रोतों को संरक्षित रख सकें। इस दौरान उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण की शपथ ली और नदी के तट पर श्रमदान कर सफाई कार्य किया।

Comments are closed.