राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता से करें निराकरण: कलेक्टर श्री सूर्यवंशी
—-
(1)बैतूल 19 मई 2025
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने सोमवार को राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित कर राजस्व प्रकरणों के शीघ्र और प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी अपने-अपने न्यायालय में लंबित विवादित एवं अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, रास्ता चिन्हांकन, अभिलेख दुरुस्ती आदि के प्रकरणों का समयबद्ध और सतत निराकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में कलेक्टर ने न्यायालयवार समीक्षा करते हुए दर्ज प्रकरणों और उनके निराकरण की तुलनात्मक जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार अपने न्यायालयों में लंबित मामलों का शत-प्रतिशत निराकरण कराएं। रास्ता चिन्हांकन के प्रकरणों का पटवारी रिपोर्ट के आधार पर निराकरण किया जाए। फार्मर रजिस्ट्री की भी कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने तहसीलवार समीक्षा कर शेष लक्ष्य को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश तहसीलदारों को दिए। फसल गिरदावरी और स्वामित्व योजना के प्रकरणों की भी समीक्षा कर लंबित प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्री मकसूद अहमद, एसडीएम श्री राजीव कहार सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी और तहसीलदार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से प्रकरणों की समीक्षा करें और आमजन को समय पर राजस्व न्याय दिलाने में कोई कोताही न बरतें।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन की तैयारियां तेज, कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व
—-
(2)बैतूल 19 मई 2025
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जिले के सारणी में 28 मई को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस संबंध में कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बताया कि कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण को समर्पित रहेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्व सहायता समूहों को लाभान्वित करेंगे, साथ ही जिले में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारी को लेकर कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को मंच और हेलीपैड का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा। जिला पंचायत सीईओ और एसडीएम शाहपुर को मंच निर्माण, प्रदर्शनी, बैठक व्यवस्था सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पेयजल व्यवस्था के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि विद्युत आपूर्ति की सटीक व्यवस्था के लिए एमपीईबी को दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि कार्यक्रम गरिमामयी और भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए सभी अधिकारी सौंपे गए दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन, अपर कलेक्टर श्री राजीव नंदन श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर श्री मकसूद अहमद सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहें।
शासकीय सीनियर बालिका छात्रावास आठनेर में समर कैंप शुरू
—-
(3)बैतूल 19 मई 2025
जनजातीय कार्य विभाग एवं मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 19 मई 2025 को शासकीय सीनियर बालिका छात्रावास आठनेर में समर कैंप का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर बीआरसीसी श्री राजेश आठनेरे द्वारा फीता काटकर समर कैंप का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर श्री आठनेरे ने बच्चों को समर कैंप में भाग लेने के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि बच्चों को इसका भरपूर लाभ उठाते हुए रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेना चाहिए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। समर कैंप के आयोजन में सीनियर बालिका छात्रावास की अधीक्षिका श्रीमती रूपा साहू एवं हिंदी कन्या आश्रम की अधीक्षिका श्रीमती सीमा कवड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समर कैंप के अंतर्गत सोमवार को आयोजित गतिविधि का मुख्य विषय “बीज से जीवन” था। इस सत्र के अंतर्गत बच्चों को एक बीज से पेड़ बनने की प्रक्रिया और नीम के पेड़ का जीवन में कितना महत्व है कहानी के माध्यम से रोचक ढंग से समझाया गया। कार्यक्रम में सक्षम जीवन कौशल कार्यक्रम से विकासखंड प्रबंधन अधिकारी श्री मेहरबान सिंह की भी उपस्थिति रही। समर कैंप के पहले दिन बच्चों के लिए रचनात्मक सत्रों का आयोजन किया गया, जिससे बच्चों में उत्साह एवं सीखने की जिज्ञासा का संचार हुआ।
राज्य स्तरीय खेल वृत्ति 2024 के लिए आवेदन आमंत्रित, अंतिम तिथि 31 मई
—-
(4)बैतूल 19 मई 2025
संचालनालय, खेल और युवा कल्याण, मध्यप्रदेश द्वारा वर्ष 2024 की राज्य स्तरीय खेल वृत्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह खेल वृत्ति उन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रदान की जाएगी जिन्होंने 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 के बीच आयोजित अधिकृत राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त किए हैं।
खेल वृत्ति योजना के तहत स्वर्ण पदक विजेता को 10,000 रुपए, रजत पदक विजेता को 8,000 रुपए तथा कांस्य पदक विजेता को 6,000 रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। हालांकि, मध्यप्रदेश राज्य खेल अकादमी, प्रशिक्षण केंद्र, फीडर सेंटर, भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रशिक्षण केंद्रों अथवा खेल छात्रावासों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।
खिलाड़ी खेल वृत्ति के लिए 31 मई 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन का प्रारूप जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी, पुलिस लाइन, बैतूल कार्यालय से प्राप्त कर उसे वहीं जमा किया जा सकता है। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। खेलवृत्ति से संबंधित दिशा-निर्देश और नियमावली विभागीय वेबसाइट www.dsywmp.gov.in पर उपलब्ध है।
पात्र हितग्राही का आवेदन अस्वीकृत होने पर सम्बन्धित अधिकारी कर्मचारी से होगी हितलाभ की राशि वसूल : कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी
—-
(5)बैतूल 19 मई 2025
शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं के लाभ से कोई भी पात्र वंचित न रहे। अगर लापरवाही के चलते किसी पात्र हितग्राही का आवेदन अस्वीकृत होता है तो, वंचित अवधि की हितलाभ राशि संबंधित अधिकारी कर्मचारी से वसूल की जाएगी। यह निर्देश कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में सभी अधिकारी कर्मचारियों को दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए की वे अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता और तत्परता से निर्वहन करें।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बैठक में विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने उपसंचालक सामाजिक न्याय को निर्देशित किया कि सचिव स्तर से लापरवाही के कारण किसी पात्र व्यक्ति का आवेदन अस्वीकृत किया गया है, तो संबंधित सचिव के विरुद्ध कार्यवाही प्रस्तावित करें और हितलाभ राशि भी वसूल की जाए।
बैठक में कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने जल गंगा संवर्धन अभियान की भी विभागवार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व विभाग को दर्ज होने से शेष नहरों को भी राजस्व अभिलेख में शीघ्र दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संसाधन विभाग को माइल्स स्टोन लगाने की कार्यवाही भी शीघ्र पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। सभी नगरी निकायों को हरित क्षेत्र विकास, रेन वाटर हार्वेस्टिंग इत्यादि कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि विभिन्न विभागों से समन्वय कर रिचार्ज शॉप निर्माण कार्य को पूरा कराएं। सभी जनपद सीईओ और तहसीलदार को अमृतसर ओवर के कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने राशन हितग्राहियों के ईकेवाईसी कार्य में अच्छी प्रगति पर फूड विभाग की प्रशंसा की और शेष लक्ष्य को भी 31 मई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार उन्होंने सभी जनपद सीईओ और सीएमओ को भी निर्देशित किया कि समग्र से आधार लिंकिंग की कार्यवाही भी पूरी गंभीरता से पूर्ण कराएं।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी विभागवार विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने भुगतान से जुड़ी शिकायतों की जांच कर उनका त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, मछुआ कल्याण, जल संसाधन विभाग, जनजाति कार्य , सामाजिक न्याय, श्रम विभाग आदि को शिकायतों के निराकरण में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन, अपर कलेक्टर श्री राजीव नंदन श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर श्री मकसूद अहमद सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहें।
जिला स्तरीय रोजगार मेला आज
—-
(6)बैतूल 19 मई 2025
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, आईटीआई एवं जिला रोजगार कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में युवा संगम के तहत शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बैतूल में आज 20 मई को प्रातः 11 बजे से 4 बजे तक जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में 9 प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित होकर अभ्यर्थियों का चयन करेंगे। उन्होंने जिले के सभी युवाओं से रोजगार मेले में उपस्थित होने का आग्रह किया है।
रोजगार मेले में 9 कंपनियां रहेगी मौजूद
वर्धमान फैब्रिक्स प्राइवेट लिमिटेड बुदनी में मशीन ऑपरेटर/ट्रेनी वर्कर के 100 पदों, कुलोदय टेक्नोपैक प्राईवेट लिमिटेड दमन गुजरात में मशीन ऑपरेटर/मैकेनिकल/हेल्पर के 100 पदों, यशस्वी ग्रुप भोपाल में अपरेंटिस के 20 पदों, फोर्स मोटर्स प्राईवेट लिमिटेड पीथमपुर में 20 पदों के लिए योग्यता 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई होना अनिवार्य है। इसी प्रकार जेके बायो एग्रीटेक प्राइवेट लिमिटेड भोपाल में सेल्स एक्जी्क्यूटिव के 20 पदों तथा आरएफएमआई ग्रुप ग्वालियर में सेल्स एक्जीक्यूटिव, फील्ड मैनेजर, डिजिटल मैनेजर टेली कॉलिंग मैनेजर, बिजनेस एनालिस्ट, डिजिटल ट्रेनर के 120 पदों के लिए योग्यता 10वीं 12वीं, स्नातक होना अनिवार्य है। शक्ति मोटर्स मुलतापी प्राइवेट लिमिटेड मुलताई में सेल्स एक्जीक्यूटिव/सेल्स मैनेजर/मैकेनिक/हेल्पर के 25 पदों के लिए योग्यता 8वीं से स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा होना अनिवार्य है। क्वेस कॉर्प भोपाल में मशीन ऑपरेटर के 50 पदों के लिए योग्यता आईटीआई/डिप्लोमा/डिग्री होना अनिवार्य है। इसके अलावा स्क्लि विजन ऑर्गेनाइजेशन पीथमपुर में ऑपरेटर/हेल्पर/मैकेनिक के 100 पदों के लिए योग्यता 10वीं,12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा होना अनिवार्य है।
Comments are closed.