_________________
जनसंपर्क अधिकारी बैतूल ने जारी की सरकारी खबरें
____________________
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने पुराने कलेक्ट्रेट भवन का किया औचक निरीक्षण, अनधिकृत आईटी सेंटर को बंद कराने के दिए निर्देश
—-
1,बैतूल 21 मई 2025
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बुधवार को पुराने कलेक्ट्रेट भवन में संचालित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कार्यालय परिसर में एक आईटी सेंटर अनधिकृत रूप से संचालित हो रहा है। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए तत्काल प्रभाव से सेंटर को बंद करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि बिना वैध अनुमति के संचालित किसी भी आईटी सेंटर को तत्काल बंद कराया जाए तथा संबंधित संचालक के विरुद्ध विधिसंगत कार्रवाई की जाए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को अधिकृत लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से ही सेवाएं प्रदान की जाएं, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री राजीव कहार एवं तहसीलदार श्री पाथे भी उपस्थित रहे। जिले में संचालित सभी अनाधिकृत आईटी केंद्रों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए हैं।
जल संरक्षण की ओर सार्थक कदम: शाहपुर विकासखंड में जल गंगा संवर्धन अभियान का सफल आयोजन
—-
2,बैतूल 21 मई 2025
मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा विकासखंड शाहपुर में जल गंगा संवर्धन अभियान का सफल आयोजन किया गया। यह अभियान ग्राम पंचायत मूढ़ा के अंतर्गत ग्राम कोठा में चलाया गया, जहां स्थित एक महत्वपूर्ण प्राकृतिक जल स्रोत झिरिया फाटक नाला की सफाई कर उसे पुनर्जीवित करने की दिशा में कार्य किया गया।
इस जनभागीदारी वाले अभियान में समाज कार्य के स्नातक एवं परास्नातक कक्षाओं के विद्यार्थियों, परामर्शदाताओं तथा नवांकुर संस्थाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों की सफाई के माध्यम से जल संरक्षण को बढ़ावा देना एवं जन जागरूकता फैलाना था। सफाई कार्य के पूर्ण होने के पश्चात एक जल संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें जल संरक्षण और संवर्धन के महत्व पर विस्तृत चर्चा की गई। संगोष्ठी के दौरान उपस्थित सभी स्वयंसेवकों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई, जिससे भावी पीढ़ी में जल के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके। इस अवसर पर ग्राम पंचायत मूढ़ा के पूर्व उपसरपंच, सुमन जन जागृति संस्था कोठा, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सिलपटी, जय गुरुदेव उत्थान संस्था, सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थी की उपस्थिति रही।
श्रमोदय आदर्श आईटीआई में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ
—-
3,बैतूल 21 मई 2025
मप्र भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत संचालित श्रमोदय आदर्श आईटीआई भोपाल में वर्ष 2025-26 के लिए 8 ट्रेडो में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ है। श्रम पदाधिकारी बैतूल ने बताया कि प्रवेश के लिए डीएसडी पोर्टल कौशल विकास संचालनालय एवं एमपी ऑनलाइन के अधिकृत सहायता केन्द्रों से एमपी ऑनलाइन के मध्यप्रदेश में स्थित किसी भी http://mpiticounseling.co.in के माध्यम से आवेदन कर सकते है। प्रवेश विवरणी का कौशल विकास संचालनालय की वेबसाइट www.mpskills.gov.in एवं www.dsd.mp.gov.in पर उपलब्ध है। उक्त आईटीआई में केवल मप्र भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल के पंजीकृत श्रमिकों की संतानों को प्रवेश दिया जाना है। किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने के लिए श्रम कार्यालय बैतूल मे संपर्क किया जा सकता है। www.dsd.mp.gov.in के माध्यम से आवेदन करते समय आवश्यक दस्तावेज 10 की अंकसूची, आधार कार्ड, समग्र आईडी, मूल निवासी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, नवीन पासपोर्ट फोटो, स्थानांतरण प्रमाण पत्र की मूल प्रति, आवेदक अथवा उसके माता-पिता का पंजीयन मप्र भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के पोर्टल पर वैध होना अनिवार्य है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सारणी आगमन तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने की समीक्षा बैठक
—-
4,बैतूल 21 मई 2025
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 28 मई को सारणी आगमन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही है। बुधवार को कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार हेलीपैड और टेंट निर्माण कराने के निर्देश दिए। साथ ही, एमपीईबी को कार्यक्रम स्थल पर विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। कार्यक्रम स्थल पर विभागीय प्रदर्शनी लगाने के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को निर्देशित किया गया है। वहीं, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को वाहनों की उपयुक्त व्यवस्था करने को कहा गया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को कार्यक्रम स्थल पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जबकि नगरपालिका को स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही, नगरपालिका सारणी को पार्किंग की समुचित व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए हैं। निर्बाध आवाजाही को ध्यान में रखते हुए सारणी मार्ग पर यातायात सुचारू बनाए रखने के निर्देश पुलिस विभाग को दिए गए हैं। इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, संयुक्त कलेक्टर श्री मकसूद अहमद सहित जिले के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments are closed.