Madhya Pradesh Latest News

जनसंपर्क अधिकारी बैतूल ने जारी की सरकारी खबरें

By,वामन पोटे

_________________
जनसंपर्क अधिकारी बैतूल ने जारी की सरकारी खबरें

मुख्यमंत्री डॉ.यादव के सारणी में प्रस्तावित कार्यक्रम के संबंध में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

—-

बैतूल 22 मई 2025
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के सारणी में प्रस्तावित कार्यक्रम के संबंध में कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि  सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक जिला चिकित्सालय बैतूल में एक व्हीआईपी कक्ष मय चिकित्सा सुविधाओं के, ऑपरेशन थियेटर एवं ब्लड बैंक में सम्पूर्ण व्यवस्था रखना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला चिकित्सालय बैतूल की विशेषज्ञ चिकित्सक की टीम बनाये जाने निर्देशित किया। उन्होंने पुलिस कर्मियों के लिये लिक्विड ओआरएस पैकेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने खंड चिकित्सा अधिकारी घोडाडोंगरी को निर्देशित किया कि सभा स्थल पर एक मेडिकल टीम, पार्किंग स्थल पर एक मेडिकल टीम एवं एक टीम डब्ल्यूसीएल गेस्ट हाउस में लगाई जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घोड़ाडोंगरी एवं अन्य अधीनस्थ चिकित्सालयों की व्यवस्था को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिये। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.राजेश परिहार मुख्य रूप से उपस्थित थे।
क्रमांक/116/641/05/2025

शासकीय माध्यमिक विद्यालय चिचोली में 10 दिवसीय ग्रीष्म कालीन शिविर का किया समापन

बैतूल 22 मई 2025
सक्षम जीवन कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित 10 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का समापन उत्साहपूर्वक किया गया। इस शिविर का आयोजन कम्युनिटी यूथ लीडर  अविनाश राठौर द्वारा शासकीय माध्यमिक विद्यालय चिचोली में किया गया, जिसमें बच्चों को समय प्रबंधन, रचनात्मक गतिविधियां और टीमवर्क जैसी महत्वपूर्ण जीवन दक्षताओं का प्रशिक्षण दिया गया। इस शिविर में 6 वर्ष से 18 वर्ष तक के बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, संवाद कौशल तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करना रहा।
कैम्प के दौरान बच्चों ने चित्रकला, समूह चर्चा, कहानी लेखन और अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की। साथ ही उन्हें निर्णय लेने, समस्या समाधान, तथा भावनात्मक समझ जैसे जीवन कौशल विषयों पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।बाल मेला के रूप में आयोजित समापन कार्यक्रम में बच्चों द्वारा बनाई गई सामग्रियों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे देखने के लिए स्थानीय अभिभावक भी उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस आयोजन के माध्यम से सीवायएल  ने सामुदायिक नेतृत्व में अपनी भूमिका को और भी मजबूत किया है। समर कैंप न केवल जीवन कौशल विकास का प्रभावशाली उदाहरण बना, बल्कि युवा नेतृत्व की एक प्रेरणादायी मिसाल भी प्रस्तुत की। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सीएसी श्री बाली सरोने विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधान पाठक श्री मधुसूदन राठौर तथा शिक्षक साथियों का भी विशेष सहयोग रहा। ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक श्री इंद्रसेन नागले ने अपने उद्बोधन में बच्चों और शिक्षकों  के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
क्रमांक/117/642/05/2025

सावित्री बाई फुले स्व सहायता समूह विकास योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 7 समूह को किया जाएगा लाभान्वित

बैतूल 22 मई 2025
सावित्री बाई फुले स्व सहायता समूह विकास योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 7 समूह को लाभान्वित किये जाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के समूह जिनकी आयु 18 से 55 वर्ष के मध्य हो जो गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले अथवा जिनकी आय शहरी क्षेत्र में 55 हजार तथा ग्रामीण क्षेत्र में 40 हजार से अधिक नहीं हो के 5 से 10 महिला के समूह को लघु कुटीर उद्योग, पशुपालन एवं हस्तशिल्प जैसे परंपरागत व्यवसाय में आवश्यकता अनुसार बैंक के माध्यम से ऋण और अनुदान सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। योजनान्तर्गत समूह के गठन में सहयोग देने वाले स्वयंसेवी संगठनों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदाय की जाएगी। योजनान्तर्गत लाभ लेने की इच्छुक महिलाएं स्वयं के उक्त पात्रतानुसार प्रमाण पत्रों की मूल प्रति के साथ जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित नये कलेक्ट्रेट संयुक्त कार्यालय भवन कक्ष क्रमांक एस-25 बैतूल में सम्पर्क कर सकते है। योजना की विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रारूप कार्यालय से नि शुल्क प्रदान किया जाएगा।
क्रमांक/118/643/05/2025

एक दिवसीय कृषक सम्मेलन सह-कार्यशाला  24 मई को

—-

मूंग की खेती के विकल्पों पर कृषि वैज्ञानिक करेंगे प्रबोधन

बैतूल, नर्मदापुरम और हरदा के कृषक करेंगे सहभागिता

बैतूल 22 मई 2025
मप्र जन अभियान परिषद और भारत भारती शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में मूंग की वैकल्पिक फसलों को उपजाने के लिए कृषकों को प्रेरित-प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक दिवसीय कृषक सम्मेलन सह-कार्यशाला का आयोजन  24 मई 2025 को भारत-भारती परिसर में किया जाएगा।सम्‍मेलन में चयनित कृषकों को जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय एवं कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संबोधित करेंगे।
मप्र जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर ने बताया कि मध्‍यप्रदेश शासन की प्राथमिकता मूंग की फसल उत्पादन से प्रकृति और पर्यावरण को हो रहे नुकसान को दृष्टिगत रखते हुए मूंग की वैकल्पिक फसलों को प्राथमिकता और प्रोत्साहन देने की है। इस दृष्टि से किसानों और संबंधित समाज का उन्मुखीकरण अत्‍यन्‍त महत्‍वपूर्ण है। मप्र जन अभियान परिषद् ने इस दिशा में पहल करते हुए भारत भारती शिक्षा संस्थान के साथ यह आयोजन किया है। आयोजन में मूंग उत्पादक कृषकों के साथ जैविक कृषि करने वाले कृषक भी सम्मिलित होंगे। इस दिशा में होने वाले नवाचार के आयामों पर भी विचार विमर्श होगा। उपाध्यक्ष श्री नागर ने बताया कि मिट्टी सुपोषण, मानव स्वास्थ्य और स्वस्थ पर्यावरण की दिशा में यह आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कृषक समुदाय की सहभागिता महत्वपूर्ण होगी।
क्रमांक/119/644/05/2025

विश्व जैव विविधता दिवस पर संगोष्ठियों का आयोजन: पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

—-

बैतूल 22 मई 2025
विश्व जैव विविधता दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में जिला बैतूल के विभिन्न विकासखंडों में संगोष्ठियों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण जन, परामर्शदाता, नवांकुर संस्था, मेंटर्स तथा छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विकासखंड मुलताई के ग्राम डहुआ एवं पिपरिया में आयोजित संगोष्ठी में डहुआ सरपंच, ग्राम पिपरिया में ग्राम सरपंच की अध्यक्षता में जिला समन्वयक श्रीमती प्रिया चौधरी ने जैव विविधता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “कीट, पक्षी, छोटे पौधे एवं खेतों की मेढ़ें जैव विविधता का अभिन्न हिस्सा हैं, जिन्हें संरक्षित रखना आवश्यक है।” ब्लॉक समन्वयक श्रीमती जयप्रकाशी परते ने पर्यावरण असंतुलन का कारण जैव विविधता की क्षति को बताया।

जैव विविधता संरक्षण हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी

       विकासखंड भैंसदेही के ग्राम चिल्कापुर सरस्वती शिशु मंदिर सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पूजन से हुआ। कार्यक्रम में परामर्शदाता ने जैविक खेती पर अपने विचार रखे,नवांकुर संस्था धामनगांव ने पराग कणों की महत्ता पर जानकारी दी। ब्लॉक समन्वयक श्री विकास कुमरे ने जैव विविधता के आर्थिक और पारिस्थितिकीय मूल्यों पर प्रकाश डाला। विकासखंड आमला में ग्राम जम्बाड़ा  में आयोजित संगोष्ठी में सरपंच ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जैव विविधता संरक्षण को “हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी” बताया। उन्होंने कहा कि “बागड़, कीट-पतंगे और पक्षी जैसे प्राकृतिक घटक पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” ब्लॉक समन्वयक अरविंद माथनकर ने सभी से छोटे स्तर पर संरक्षण प्रयास शुरू करने की अपील की। कार्यक्रम में मां रेणुका पर्यावरण समिति, अन्य सामाजिक संगठन, परामर्शदाता और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
विकासखंड पट्टन में भी मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की संचालित कक्षा में अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर उत्कृष्ट विद्यालय पट्टन में संगोष्ठी आयोजित की। बैतूल नगर में भी मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद बैतूल की नवांकुर संस्था प्रत्याशा महिला एवं बाल उत्थान समिति एवं परामर्शदाताओं के द्वारा भी अंतरराष्ट्रीय विविधता दिवस को जिले के विभिन्न स्वयं संगठनों के साथ संगोष्ठी आयोजित की गई। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्राम एवं नगर स्तर पर जनमानस में जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति चेतना जागृत करना था। परिषद के प्रयासों से न केवल जागरूकता बढ़ी है, बल्कि संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की दिशा में ग्रामीण जन प्रेरित हुए हैं।
क्रमांक/120/645/05/2025

Comments are closed.