स्कॉर्पियो से मजदूर को कुचला, रिवर्स लेकर चढ़ाई गाड़ी: खेत मालिक पर हत्या का आरोप; पानी की मोटर जलने से था नाराज
By,वामन पोटे
स्कॉर्पियो से मजदूर को कुचला, रिवर्स लेकर चढ़ाई गाड़ी: खेत मालिक पर हत्या का आरोप; पानी की मोटर जलने से था नाराज
हरदा।।मध्यप्रदेश के
हरदा जिले में एक खेत मालिक ने अपने यहां काम करने वाले मजदूर को स्कॉर्पियो से कुचल दिया। आरोपी ने पहले मजदूर को टक्कर मारी। फिर गाड़ी रिवर्स लेकर पेट पर चढ़ा दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात की है। मृतक की पहचान विक्रम केवट (52) के रूप में हुई है। वह पिछले 5 साल से अनिल लाठी के खेत में सिंचाई का काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि खेत मालिक पानी की मोटर जलने से नाराज था। इसलिए हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
एसपी बोले- जानबूझकर की गई हत्या
शनिवार को एसपी अभिनव चौकसे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि विक्रम नर्मदा नदी के पानी से खेत में सिंचाई करता था। इसके लिए लगाई गई पानी की मोटर को ऑन-ऑफ करने का काम करता था। शुक्रवार रात मोटर जल गई थी। इससे खेत मालिक अनिल लाठी गुस्से में था। स्कॉर्पियो का पहिया पेट से गुजरने से मजदूर के पेट में अंदरुनी चोटें आई थी। इससे उसकी मौत हो गई। घटनास्थल पर गाड़ी के टायर के निशान और शरीर पर आई चोटें इस बात की पुष्टि करती हैं कि हत्या जानबूझकर की गई है।
हत्या का केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
आरोपी अनिल लाठी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने कुछ ही घंटे बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 194 (हत्या) और 103(1) (जानबूझकर हमला) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घटनास्थल पर गाड़ी के निशान से जान-बूझकर ये हत्या करने की बात सामने आई
टिमरनी एसडीओपी ने कहा- सोची-समझी हत्या
टिमरनी एसडीओपी आकांक्षा तलैया ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पहिया निकलने से हादसे की बात सामने आई थी, लेकिन “पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और गाड़ी के निशान यह साबित करते हैं कि यह एक सोची-समझी हत्या है।” पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शनिवार को शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Comments are closed.