Madhya Pradesh Latest News

किसानों की आवाज को दबाने आप नेताओं को किया गिरफ्तार: भालेकर

By,वामन पोटे

किसानों की आवाज को दबाने आप नेताओं को किया गिरफ्तार: भालेकर

आठनेर। आठनेर ब्लॉक में अमानक मक्का बीज वितरण के विरोध में किसानों की आवाज उठाने की तैयारी कर रहे आम आदमी पार्टी के नेताओं को पुलिस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे से पहले हिरासत में ले लिया। आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी मुख्यमंत्री के बगडोना कार्यक्रम में किसानों की समस्याएं और प्रशासन की लापरवाहियों को सामने लाने जा रहे थे।
आम आदमी पार्टी के जिला सोशल मीडिया प्रभारी विशाल भालेकर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं प्रदेश संयुक्त सचिव अजय सोनी, जिला कोषाध्यक्ष सपन कामला, सारनी ब्लॉक अध्यक्ष रमेश भूमरकर और एसटी विंग जिला अध्यक्ष शिव कुमार तुमडाम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पार्टी नेताओं की योजना थी कि वे मुख्यमंत्री के सामने आठनेर ब्लॉक में किसानों को वितरित किए गए अमानक मक्का बीज सहित जिले की अन्य जनसमस्याओं को लेकर भी ज्ञापन सौंपेंगे। लेकिन इसके पहले ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ किसानों में भी नाराजगी देखी जा रही है। उनका आरोप है कि यह कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रशासन ने किसानों की आवाज को दबाने की कोशिश की है, जिससे स्पष्ट होता है कि शासन किसानों की समस्याएं सुनने के बजाय उन्हें दबाने का काम कर रहा है। पार्टी के पदाधिकारियों ने मांग की है कि गिरफ्तार किए गए नेताओं को तत्काल रिहा किया जाए और अमानक बीज वितरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Comments are closed.