सीएमएचओ डॉ.हुरमाडे ने जिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण
—–
बैतूल 14 जून 2025
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मनोज कुमार हुरमाडे ने शनिवार को जिला चिकित्सालय बैतूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रसूति वार्ड, एआरटी कक्ष, मेल मेडिकल वार्ड, प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात वार्ड, पीआईसीयू, आपातकालीन आकस्मिक कक्ष, शिशु वार्ड, ब्लड बैंक एवं उमंग क्लीनिक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित चिकित्सा प्रभारी, वार्ड प्रभारी, स्टाफ को मरीजों से सहानुभूतिपूर्वक सद्व्यवहार अपनाने एवं सहयोगात्मक रवैये का पालन करने के लिए निर्देशित किया।
इस दौरान सीएमएचओ डॉ.हुरमाडे ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अस्पताल व्यवस्थाओं में आवश्यक प्रबंधन के निर्देश दिये। उन्होंने 19 जून को आयोजित किये जाने वाले सिकलसेल शिविर की आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में भी निर्देश दिये। सीएमएचओ डॉ हुरमाडे ने कहा कि जिला चिकित्सालय आने वाले हर मरीज के बेहतर उपचार के लिये सदैव तत्पर रहना ही हमारी प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. जगदीश घोरे, आरएमओ डॉक्टर रानू वर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश परिहार, जिला टीकाकरण अधिकारी राज्य डॉ. प्रांजल उपाध्याय सहित अन्य मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक करने ओपन ऑडिटोरियम से निकाली वाहन रैली
—-
जागरूकता गीतों के माध्यम से रक्तदान करने के लिए लोगों को किया प्रेरित
—-
बैतूल 14 जून 2025
स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वतीबाई बारस्कर के मुख्य आतिथ्य में वाहन रैली का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज कुमार हुरमाडे ने बताया कि इस वर्ष की थीम ‘‘रक्त दो, उम्मीद दो, साथ मिलकर हम जिंदगियां बचा सकते हैं’’ निर्धारित की गई है। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से प्रातः 9 बजे ओपन ऑडिटोरियम बैतूल से रैली निकाली गई। स्वास्थ्य विभाग, मां शारदा सहायता समिति, रेडक्रास सोसायटी एवं जिले की समस्त रक्तदाता समितियों के संयुक्त तत्वावधान में मशाल जलाकर जागरूकता प्रसारित की गई। रैली में रक्तदान जागरूकता गीतों के माध्यम से आमजन से रक्तदान करने की अपील की गई।
जीवन रक्षा के लिए रक्तदान अवश्य करें
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वतीबाई बारस्कर ने कहा कि रक्तदान महादान माना जाता है, क्योंकि रक्तदान से लोगों को नई जिंदगी मिलती है और समाज रक्तदाता के इस सराहनीय कार्य को हमेशा याद रखता है। रक्तदान से न तो शरीर में बीमारी आती है न शरीर कमजोर पड़ता है। इसलिये हम सभी को रक्तदान अवश्य करना चाहिये। विधायक प्रतिनिधि स्वास्थ्य डॉ.अशोक बारंगा ने बताया कि रक्तदान से एचआईव्ही होने का खतरा नहीं होता है। रक्तदान करने से हृदयाघात होने की संभावना कम होती हैं, क्योंकि रक्तदान से खून का थक्का नहीं जमता, खून कुछ मात्रा में पतला हो जाता है। वजन कम करने में मदद मिलती है, शरीर में नये ब्लड सेल्स बनने के कारण तंदुरुस्ती आती है। लिवर से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलती है, आयरन की मात्रा संतुलित रहती है, कैंसर का खतरा कम रहता है, इसलिये जीवन रक्षा के लिए रक्तदान अवश्य करें।
रक्तदान से दो चेहरों पर खिलती है मुस्कुराहट
सीएमएचओ डॉ मनोज कुमार हुरमाड़े ने बताया कि विश्व रक्तदाता दिवस जरूरतमंद व्यक्तियों के लिये रक्त की जरूरत को पूरा करने के लिये मनाया जाता है। प्रत्येक वर्ष ऐसे अभियानों से अनेकों लोगों की जान बचती है और अन्य लोगों के हृदयों में रक्तदान के प्रति प्रेरणा की अलख भी जाग जाती है। रक्तदान से दो चेहरों पर मुस्कुराहट खिलती है- एक रक्तदान करने वाले व्यक्ति के चेहरे पर और दूसरा रक्त प्राप्त करने वाले व्यक्ति के चेहरे पर, इसलिये हमारा प्रयास होना चाहिये कि हम सदैव मुस्कुराहट के साथ रहें। किसी की जिंदगी बचाकर हम एक नेक कार्य करते हैं। सिविल सर्जन डॉ जगदीश घोरे ने बताया कि महान वैज्ञानिक कार्ल लेण्डस्टाइन का जन्म 14 जून 1868 को हुआ था और उन्होंने मानव रक्त में उपस्थित एग्ल्यूटिनिन की मौजूदगी के आधार पर रक्तकणों ए,बी, और ओ. रक्त समूह की पहचान की थी। रक्त के इस वर्गीकरण ने चिकित्सा विज्ञान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसी खोज के लिये कार्ल लेण्डस्टेन को 1930 में नोवल पुरस्कार दिया गया। इसलिए उनकी याद में पूरा विश्व रक्तदाता दिवस मनाता है। रक्तदान मानव संतुष्टि है।
रक्तदान करने के पूर्व इन बातों का रखें ध्यान
जिला रक्तकोष अधिकारी डॉ अंकिता सिते ने बताया कि रक्तदान से पहले कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिये- रक्तदाता का वजन 45 से 50 किलोग्राम से कम न हो, 18 वर्ष की आयु के बाद ही रक्तदान करें, रक्त देने से 24 घण्टे पहले से ही शराब, धूम्रपान और तंबाकू का सेवन न करें, स्वयं की मेडिकल जांच करा लें, सुनिश्चित करें कि आपको कोई बीमारी न हो, रक्तदान करने से पहले अच्छी नींद ले, तला हुआ खाना और आइसक्रीम न खायें।
जगह-जगह हुआ रैली का भव्य स्वागत
आवाज दो जिंदा हैं टीम द्वारा लल्ली चौक पर पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया गया। पीएम श्री एक्सीलेंस शासकीय महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ मीनाक्षी चौबे द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के दल एवं स्टाफ के साथ रैली का स्वागत किया गया। मेडिटेक इंस्टीट्यूट बैतूल के सभी विद्यार्थियों द्वारा हाथों में रक्तदान जागरूकता की तख्तियां लेकर आमजन को रक्तदान के लिये जागरूक किया गया। ओपन ऑडिटोरियम में उपस्थित समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं रक्तदान समिति के सदस्यों, छात्र-छात्राओं द्वारा अहमदाबाद विमान दुर्घटना में मृतक यात्रियों को श्रद्धांजलि स्वरूप मौन रखा गया एवं रक्तदान जागरूकता की शपथ भी ली गई। जिला चिकित्सालय बैतूल में अहमदाबाद विमान दुर्घटना में दिवंगत हुए यात्रियों के लिये रक्तदान कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। रक्तकोष द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर तक 16 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
कार्यक्रम में यह रहे शामिल
रैली एवं रक्तदान कार्यक्रम में श्री आनंद प्रजापति, डीएचओ डॉ राजेश परिहार, आरएमओ डॉ रानू वर्मा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रांजल उपाध्याय, जिला मीडिया अधिकारी श्रीमती श्रुति गौर तोमर, उप जिला मीडिया अधिकारी श्री महेशराम गुबरेले, डीसीएम श्री कमलेश मसीह, आरबीएसके मैनेजर श्री योगेन्द्र दवंडे, एपीएम श्री प्रकाश माकोड़े, बायोकेमिस्ट श्री दिलीप इवने, वरिष्ठ लेब टेक्नीशियन श्रीमती पदमा पवार, श्री दिनेश भावरकर, रेडक्रास सोसायटी के चेयरमैन डॉ अरूण जयसिंहपुर, डॉ राजा धुर्वे, डॉ विनय सिंह चौहान, डॉ सुमित मदरेले, श्री पिंकी भाटिया, श्री प्रकाश बंजारे, श्री पंजाबराव गायकवाड़, डॉ सागर बिंझाड़े, श्री हिमांशु सोनी, श्री धीरज हिरानी, श्री रोहित देशमुख, श्री सतेन्द्र नागले, श्रीमती हेमा सिंह चौहार, प्रोफेसर नीतू माहोरे, श्रीमती रूक्मणी सोनारे, श्री दीप मालवीय, श्री निमिष मालवीय, श्रीमती सुषमा सोनी, श्रीमती सुनीता पाल, श्री शैलेन्द्र बिहारिया, श्री मनोज तिवारी, श्री आकाश अग्रवाल सहित अन्य प्रबुद्धजन, समाजसेवी, छात्र-छात्राऐं तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग के शिविर में 15 यूनिट हुआ रक्तदान
—-
बैतूल 14 जून 2025
स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर शनिवार को पोद्दार स्कूल में एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य एवं समाज सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
इस रक्तदान शिविर में विद्यालय के शिक्षकों, छात्रों एवं स्थानीय निवासियों ने कुल 15 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदान के लिए आई जिला चिकित्सालय की टीम ने आवश्यक चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की। कार्यक्रम के दौरान सीएमएचओ डॉ. मनोज कुमार हुरमाड़े ने रक्तदान के महत्व पर चर्चा की और इसके स्वास्थ्य लाभों के बारे में जागरूकता फैलाई। रक्तदाताओं को सीएमएचओ डॉ. मनोज कुमार हुरमाड़े द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला रक्त कोष अधिकारी डॉ. अंकिता सिते, विद्यालय के डायरेक्टर श्रीमती मंजू अग्निहोत्री एवं श्री विजय अग्निहोत्री, प्राचार्य श्री उज्जवल दत्त सहित अन्य मौजूद रहे।
Comments are closed.