अवैध उत्खनन करते एक पोकलेन, एक जेसीबी, एक डंपर को किया जप्त
—
बैतूल 15 जून 2025
जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने शनिवार की रात को हमलापुर स्थित नगर पालिका के तालाब का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि अवैध मुरुम खनन एवं परिवहन हो रहा है, जिसके बाद उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर अवैध खनन में लिप्त वाहनों को जप्त किया। इस दौरान एसडीएम श्री राजीव कहार, तहसीलदार, आरआई पटवारी, जिला खनिज अधिकारी की मौजूदगी में अवैध खनन में लिप्त वाहनों पोकलैंड मशीन एलएनटी, जेसीबी मशीन एमएच 27 डीयू 3670 व डंपर क्रमांक एमपी 05 जी 6638 को गंज थाना की अभिरक्षा में खड़ा कराने के निर्देश दिए। रविवार को उक्त उत्खनन क्षेत्र की माप की कार्यवाही राजस्व एवं खनिज अमला द्वारा की गई। माप अनुसार वाहन चालकों व वाहन मालिकों के विरुद्ध प्रकरण में अर्थदंड प्रस्तावित किए जाने की कार्यवाही प्रचलित है।
भैंसदेही क्षेत्र में अवैध गिट्टी परिवहन पर भी कार्रवाई
इसके अलावा शनिवार को खनिज विभाग ने जिले के भैंसदेही क्षेत्र अंतर्गत गिटटी के अवैध परिवहन में लिप्त दो ट्रैक्टर एमपी 48 एए 3671 एवं एमपी 48 एए 3952 व एक डंपर एमपी 48 एच 1345 को जप्त कर पुलिस थाना झल्लार की अभिरक्षा में खड़ा किया गया है। उपरोक्त सभी प्रकरणों में मध्य प्रदेश खनिज अवैध खनन परिवहन तथा भंडारण का निवारण नियम 2022 के तहत कार्यवाही प्रस्तावित किया जाकर न्यायालय अपर कलेक्टर में प्रकरण प्रस्तुत किया जा रहा है।
सीएमएचओ डॉ. हुरमाड़े ने की स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा
—–
बैतूल 15 जून 2025
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज कुमार हुरमाड़े ने शनिवार को बैतूल जिले के समस्त विकासखंडों के चिकित्सकों एवं अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि विकासखंड के समस्त मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी, खंड विस्तार प्रशिक्षक, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक, विकासखंड कम्युनिटी मोबिलाइजर जब तक मिलकर साथ-साथ एक टीम के रूप में कार्य नहीं करेंगे विकासखंड के कार्य में प्रगति परिलक्षित नहीं होगी। बैठक में उन्होंने निर्देशित किया कि खंड विस्तार प्रशिक्षक एवं विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक अपने कार्यों की रिपोर्टिंग खंड चिकित्सा अधिकारी को करें। साथ ही मैदानी अमले के कार्यों की मॉनिटरिंग तथा भ्रमण करें। हम जनता के लिए कार्य करते हैं। हम उनके स्वास्थ्य के प्रति सीधे जवाब देह हैं, अतः किसी भी प्रकार की गैर जिम्मेदारी जनता के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है, जिसे मैं बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करूंगा। उन्होंने कहा कि समस्त कार्यक्रम अधिकारियों सहित कर्मचारियों के द्वारा किए गए कार्यों की प्रत्येक 15 दिन बाद विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी एवं नोडल अधिकारी आयुष्मान भारत डॉ. राजेश परिहार ने कहा कि 16 जून से 15 जुलाई तक आयुष्मान भारत निरामयम योजना 2.0 के अंतर्गत वय वंदना योजना के तहत 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाना सुनिश्चित करें। धरती आबा योजना अंतर्गत ग्राम उत्कर्ष अभियान में पात्र शेष हितग्राहियों के शत-प्रतिशत कार्ड बनाए जाना सुनिश्चित करें। भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के भी वरीयता से कार्ड बनाए जाना सुनिश्चित करें। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रांजल उपाध्याय ने बताया कि टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत एएनसी रजिस्ट्रेशन की उपलब्धि बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किये जाएं। राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम की शत प्रतिशत उपलब्धि अर्जित किए जाने के लिए खंड चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य विकासखंड अधिकारी प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को टीकाकरण सत्रों का निरीक्षण सुनिश्चित करें।
100 दिवसीय टीबी अभियान के अंतर्गत शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग की जाए
जिला क्षय अधिकारी डॉ आनंद मालवीय ने कहा कि 100 दिवसीय टीबी अभियान के अंतर्गत शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग की जाए। उन्होंने अधिक से अधिक फूड बास्केट वितरित किए जाने के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध जनों, वरिष्ठ नागरिकों, समाजसेवियों एवं अधिकारियों का सहयोग लेने के लिए निर्देशित किया। सिकल सेल नोडल अधिकारी डॉ.अंकिता सिते ने कहा कि सिकल सेल स्क्रीनिंग कार्य में प्रगति लाई जाए, धरती आबा योजना अंतर्गत स्क्रीनिंग किया जाना सुनिश्चित करें। ग्रामों में भी सिकल सेल स्क्रीनिंग कार्य को गति दिया जाना सुनिश्चित करें। जिला मलेरिया अधिकारी श्री जितेन्द्र सिंह राजपूत ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को कम करने के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रयास करें। आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए आमजन के मध्य मच्छरों से बचाव हेतु विभिन्न उपायों की जानकारी को प्रचारित करें।
बैठक में विभिन्न विकास खंडों के मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी, प्रभारी शहरी क्षेत्र चिकित्सा अधिकारी, आरबीएस के मैनेजर एवं विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक मौजूद रहे।
जेएच कॉलेज में विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस आयोजन
—–
बैतूल 15 जून 2025
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अध्यक्ष श्री दिनेश चन्द्र थपलियाल के निर्देशन में 15 जून को विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर स्थानीय जेएच कॉलेज बैतूल में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। उक्त शिविर में प्रधान न्यायाधीश कुटूम्ब न्यायालय-श्री शिवबालक साहू सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बैतूल श्रीमती शर्मिला बिलवार, एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री सोमनाथ राय तथा एनएसएस ऑफिसर प्रो.श्री गोपाल कृष्ण साहू, श्री सुखदेव डोंगरे, कार्यक्रम अधिकारी श्री शंकर सातनकर एवं कॉलेज के छात्र-छात्रा एवं पैरालीगल वॉलेंटियर्स उपस्थित रहें।
प्रधान न्यायाधीश कुटूम्ब न्यायालय श्री शिवबालक साहू द्वारा युवाओं को अपना बुढ़ापा व भविष्य सुखद व सम्मान योग्य बनाने के लिए स्वयं के आचरण एवं व्यवहार में बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि संतान का अपने माता-पिता से ईश्वर द्वारा निर्धारित रिश्ता होता है, जबकि पत्नी और मित्रगणों का रिश्ता उनके द्वारा तय किया जाता है, किन्तु जहां प्राथमिकता व महत्व की बात आती है तो ईश्वरीय रिश्ते को नजरअंदाज कर वर्तमान में बनाये रिश्ते को प्राथमिकता दी जाती है। माता-पिता अथवा वरिष्ठजनों को समय व सम्मान देने की आवश्यकता है जो आज नहीं मिल पा रहा है।
जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री सोमनाथ राय द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर बुजुर्ग के अधिकारों को सुरक्षित करने के लिए संवेदनशील है और बुजुर्गों के लिये नालसा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवा योजना-2016 के माध्यम से उनके लिये स्वास्थ्य शिविर एवं भरण-पोषण के लिए निःशुल्क कानूनी सलाह एवं सहायता प्रदान की जा रही है।श्री सुखदेव डोंगरे द्वारा बताया गया कि आज हमे परिवार में वरिष्ठजनों का सम्मान व आदर किया जाता है तो उसे अन्य तीर्थ करने की आवश्यकता नहीं है। प्रो. श्री गोपाल कृष्ण साहू द्वारा जानकारी दी कि पहले परिवार में वरिष्ठजनों का और पड़ोसियों का भी दबाव होता था किन्तु आज के बच्चों की गलत आदतें व दुर्व्यवहार को माता-पिता ही पक्ष लेते है। संस्कार माता-पिता से ही प्राप्त होते है इसलिए बच्चों के अच्छे व्यवहार और आदतों के संस्कार परिवार से ही प्रारंभ होने चाहिए। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी प्रो. श्री शंकर सातनकर एवं आभार श्री साहू द्वारा व्यक्त किया गया।
जिले के चिन्हित गांवों में धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान का किया शुभारंभ
—-
30 जून तक आयोजित शिविरों में जनजातीय वर्ग के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिलेगा योजनाओं का लाभ
—–
बैतूल 15 जून 2025
जनजातीय आबादी के लिए समान अवसरों का सृजन, सामाजिक-आर्थिक स्तर का विकास, बुनियादी ढांचे के सुधार और स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आजीविका के क्षेत्र में ठोस प्रगति लाने के उद्देश्य से जिले के चिन्हित गांवों में धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान का शुभारंभ 15 जून से किया गया। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत बैतूल जिले के दस विकासखंडों के चिन्हित 554 गांवों में 30 जून तक शिविरों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने अभियान के तहत शिविरों के प्रभावी और सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने अभियान के तहत आयोजित किये जा रहे शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत सभी पात्र जनजातीय परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने तथा जनजातीय गांवों में सड़क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सेवाओं का विस्तार किए जाने के साथ ही मोबाइल मेडिकल यूनिट्स (एमएमयू) की स्थापना भी की जाएगी, जिससे कि स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित की जा सके।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बताया कि धरती आबा अभियान के तहत चिन्हित गांवों में विकासखण्ड भीमपुर के 109, भैंसदेही के 71, आठनेर के 51, बैतूल के 62, चिचोली के 42, घोड़ाडोंगरी के 86, शाहपुर के 66, मुलताई के 9, प्रभात पट्टन के 26 तथा विकासखण्ड आमला के 32 गांव शामिल हैं। इन गांवों के हितग्राहियों को केन्द्र सरकार के ग्रामीण विकास, जल शक्ति, विद्युत, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, कौशल विकास, कृषि, दूरसंचार और जनजातीय कार्य विभाग सहित अन्य 17 विभागों की 25 योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा तथा योजनाओं का शत प्रतिशत सेचुरेशन किया जाएगा।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बताया कि धरती आबा अभियान के तहत लगाये जाने वाले शिविरों में हितग्राहियों को आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी, ई-केवायसी एवं जाति प्रमाण पत्र बनाये जायेंगे तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रोफाइल पंजीयन एवं बैंक खाते खोलने के कार्य किये जायेंगे। इसके साथ ही राशन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड का वितरण तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में नामांकन सहित विभिन्न योजनाओं के आवेदन और स्वीकृति की कार्यवाही भी शिविरों में की जाएगी। शिविरों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ जनजातीय वर्ग के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जायेगा। अभियान के तहत शिविरों का आयोजन जिला प्रशासन, सीएससी, स्थानीय अधिकारियों तथा फ्रंटलाइन वर्कर्स के समन्वित प्रयास से होगा तथा ग्राम स्तर पर सेवा अंतराल की पहचान, सूक्ष्म कार्ययोजना निर्माण, शिविर कैलेंडर निर्धारण एवं रियल-टाइम निगरानी तंत्र की व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी।
Comments are closed.