विधायक हेमंत खंडेलवाल के सहयोग से विनोद को मिला नया जीवन, भोपाल में हुआ सफल इलाज
इलाज के बाद विधायक निवास पहुंचकर जताया आभार, कहा- ईश्वर रूपी सेवा कर रहे हैं विधायक जी
बैतूल। बैतूल की सियासत में अगर कोई नाम सच्चे जनसेवक के रूप में लिया जाता है, तो वह हैं विधायक हेमंत खंडेलवाल। जिन्होंने हमेशा जनता को अपना परिवार माना और हर दुख-सुख में साथ खड़े रहे। हाल ही में एक गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीज के जीवन की डोर उन्होंने थाम ली और उसे नई जिंदगी दिलाई। यह कहानी है सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं की, जो राजनीति से ऊपर उठकर लिखी गई है।
सुभाष वार्ड क्रमांक 1 निवासी विनोद जैन को जीवनदान मिला है। रीढ़ की हड्डी में ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे विनोद आज स्वस्थ हैं और इसका पूरा श्रेय वे विधायक खंडेलवाल को देते हैं, जिन्होंने विनोद के इलाज की चिंता की और हर कदम पर पारिवारिक सदस्य की तरह साथ निभाया। विनोद जैन ने बताया कि वे पिछले दो-तीन वर्षों से रीढ़ की हड्डी में हो रहे ट्यूमर से पीड़ित थे और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे इलाज नहीं करवा पा रहे थे। इस गहराते संकट के बीच जब उन्होंने अपनी समस्या पार्षद किरण खातरकर और वरिष्ठ नेता छुट्टन यादव को बताई, तब उनकी बात विधायक हेमंत खंडेलवाल तक पहुंची। विधायक ने तत्काल हर संभव मदद का भरोसा दिया और इलाज की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली।
उन्होंने विनोद को भोपाल के चिरायु अस्पताल में इलाज के लिए भेजा, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में ट्यूमर का सफल इलाज हुआ। इलाज के दौरान भी विधायक खंडेलवाल और उनकी टीम ने नियमित रूप से संपर्क में रहकर पूरे उपचार की निगरानी की। आज विनोद पूरी तरह स्वस्थ हैं और विधायक को धन्यवाद देने विशेष रूप से गुरुवार 19 जून को उनके निवास पर पहुंचे।
– सौभाग्यशाली है बैतूल की जनता
विनोद ने कहा कि बैतूल की जनता वास्तव में सौभाग्यशाली है जिन्हें हेमंत खंडेलवाल जैसे जनप्रतिनिधि मिले हैं। वे राजनीति से ऊपर उठकर केवल मानव सेवा में लगे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक जी ने उन्हें निराश नहीं किया, बल्कि उन्हें जीने की नई उम्मीद दी है। उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक जिस सेवा भाव से काम कर रहे हैं, वह वास्तव में नर सेवा ही नारायण सेवा का प्रतीक है। इस दौरान पार्षद किरण खातरकर, विशाल भौरासे सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने विधायक के इस सेवा कार्य की सराहना की। ऐसे अनेक उदाहरण हैं, जब विधायक हेमंत खंडेलवाल ने बिना भेदभाव के, बिना पद की सीमा के, हर जरूरतमंद की मदद की है। यह वही जनप्रतिनिधि हैं, जो जब विधायक नहीं थे तब भी लोगों को निराश नहीं करते थे। यही कारण है कि बैतूल की जनता उन्हें राजनेता नहीं अपने घर का हिस्सा मानती है। वे जनसेवा के ऐसे प्रतीक हैं, जो हर जरूरतमंद को हिम्मत और सहारा देते हैं।
यह भी पढ़ें
Comments are closed.