जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता, किसानों को उर्वरक मिलने में परेशानी न हो : कलेक्टर श्री सूर्यवंशी
—–
समितियों और निजी विक्रेताओं की सघन जांच की जाए, अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्यवाही करें
—-
एसडीओ कृषि भैंसदेही को नोटिस
—-
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने की जिले में खाद की उपलब्धता और वितरण की समीक्षा
—-
बैतूल 28 जून 2025
खरीफ सीजन में बुवाई के लिए जिले में खाद की उपलब्धता पर्याप्त हैं। किसानों को उर्वरक मिलने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। यह निर्देश कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने उप संचालक कृषि सहित सभी एसडीओ कृषि, आरएईओ और एसीटीओ को दिए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिले में खाद की उपलब्धता और वितरण की ब्लॉकवार विस्तार से समीक्षा की।
उप संचालक कृषि ने जानकारी दते हुए बताया की जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है। वर्तमान में 8000 मीट्रिक टन उर्वरक जिले में उपलब्ध हैं। 30 जून तक जिले को एक और उर्वरक की रैक प्राप्त होगी। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने निर्देशित किया कि सभी एसडीओ अपने क्षेत्र में समितियां और निजी खाद की दुकानों का निरीक्षण कर स्टॉक वेरिफिकेशन सुनिश्चित कराएं। खाद का निर्धारित दर से अधिक विक्रय करने वाले या अनियमितता करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएं। उन्होंने कहा कि जिन समितियों और खाद की दुकानों में उर्वरक की उपलब्धता है उसके बारे में किसानों को जानकारी दी जाएं।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बैठक में सभी एसडीओ कृषि से खाद की उपलब्धता और वितरण की जानकारी ली। साथ ही निजी दुकानों और समितियों के उनके द्वारा किए गए निरीक्षण में पाई गई कमियों के बारे में भी पूछा। उन्होंने संतोष जनक जवाब नहीं देने और भैंसदेही में खाद वितरण के लिए उचित कदम नहीं उठाने पर एसडीओ कृषि भैंसदेही की एक वेतन वृद्धि रोके जाने का कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कृषि विभाग के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी खाद वितरण की शिकायत प्राप्त होने पर जिम्मेदार के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही को जाएगी।
सफलता की कहानी
कान्हावाड़ी पहाड़ी पर जल संरक्षण की अनूठी मिसाल
—-
1850 कंटूर ट्रेंच से भू-जल स्तर में दिखी बढ़ोतरी
—-
बैतूल 28 जून 2025
विकासखंड घोड़ाडोंगरी की कान्हावाड़ी पहाड़ी अब जल संरक्षण और हरियाली का प्रतीक बनने की दिशा में अग्रसर है। जल गंगा संवर्धन अभियान 2025 के अंतर्गत इस क्षेत्र में मार्च 2025 से चल रहे प्रयासों ने उल्लेखनीय परिणाम देना शुरू कर दिया है। जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर और बैतूल कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में प्रदेश जन अभियान परिषद घोड़ाडोंगरी, जनजाति शिक्षा समिति विद्या भारती बैतूल, ग्राम पंचायत कान्हावाड़ी, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति एवं नवांकुर समिति के संयुक्त प्रयासों से पहाड़ी पर 1850 कंटूर ट्रेंच जल संरक्षण खंतिया बनाई जा चुकी हैं। प्रत्येक ट्रेंच में औसतन 1500 लीटर वर्षा जल एकत्र होता है, जो धीरे-धीरे भूमि में समाहित होकर भू-जल स्तर को बढ़ाता है। यदि एक दिन भी अच्छी बारिश होती है, तो अनुमानित 27 लाख 75 हजार लीटर पानी पहाड़ी के अंदर चला जाता है। क्षेत्र में औसतन 70 से 75 दिन बारिश होती है। इस दौरान लाखों लीटर पानी पहाड़ के अंदर जाकर न केवल भू-जल स्तर को बढ़ाएगा, बल्कि आसपास के कुएं, हैंडपंप और जल स्रोतों को भी रिचार्ज करेगा।
हरियाली अमावस्या पर बड़े पैमाने पर होगा पौधारोपण
आगामी जुलाई माह में हरियाली अमावस्या पर सतपुड़ा के जंगलों के बड़े पेड़ जैसे तेंदू, हर्रा, बहेड़ा, आंवला, नीम आदि के पौधे इन खंतियों के पास लगाए जाएंगे। इसके लिए आवश्यक नर्सरी नवांकुर समिति द्वारा तैयार की गई है।पौधारोपण का यह अभियान दो माह तक चलेगा, जिसमें ग्रामीण जन, पंचायत, समिति सदस्य एवं विद्यार्थी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। इससे न केवल पर्यावरण सुधार होगा, बल्कि आने वाले वर्षों में यह पहाड़ी हरियाली और जल संचित क्षेत्र के रूप में पहचान बनाएगी।
खनिज विभाग की बड़ी कार्यवाही: मुरूम और गिट्टी का अवैध परिवहन करते 4 डम्पर किए जप्त
—-
ग्राम चापड़ा रैयत में खनिज रेत के अवैध भंडारण पर की कार्यवाही
—-
बैतूल 28 जून 2025
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने जिला स्तरीय टॉस्क फोर्स की बैठक में वन, राजस्व, पुलिस, परिवहन एवं खनिज विभाग को खनिज संपदा के अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन को रोकने के दिशा-निर्देश दिए थे। इसी अनुक्रम में खनिज विभाग द्वारा शनिवार को मुरूम और गिट्टी का अवैध परिवहन करते 4 डम्पर तथा ग्राम चापड़ा रैयत में खनिज रेत के अवैध भंडारण पर बड़ी कार्यवाही की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खनिज अमला द्वारा 28 जून को तहसील बैतूल अन्तर्गत आठनेर रोड पर ग्राम सुरगांव के समीप 4 डम्पर क्रमश: बीआर 31 जीए 3604, एमपी 04 एचई 5410, एमएच 12 डब्ल्यूजे 9371 एवं एमएच 12 डब्ल्यूजे 9471 को खनिज मुरूम और गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर जप्त कर पुलिस थाना गंज बैतूल की अभिरक्षा में खड़ा करवाया गया है।
भौंरा रेत खदान से बिना अनुमति के भंडारित की गई थी रेत
इसी प्रकार खनिज एवं राजस्व अमले द्वारा संयुक्त रूप से आकस्मिक निरीक्षण कर तहसील शाहपुर ग्राम चापड़ा रैयत स्थित निजी भूमि खसरा क्रमांक 6/2/2 रकबा 0.500 हेक्टेयर क्षेत्र के अंश भाग पर निर्माणाधीन होटल के पीछे खनिज रेत का अवैध भण्डारण पाये जाने पर अवैध भंडारण करने पर कार्यवाही की गई। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त खनिज रेत को भौंरा रेत खदान से ट्रैक्टर-ट्रालियों से परिवहन करके बिना अनुमति के अवैध रूप से भंडारित की गई थी, जिसकी कुल मात्रा 180 घन मीटर पाई गई। मौके पर अवैध भंडारण कर्ता द्वारा उक्त खनिज रेत के संबंध में किसी प्रकार की कोई अनुमति एवं रॉयल्टी के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। मौके पर सहायक खनि अधिकारी बैतूल द्वारा प्रभारी खनि सर्वयर, हल्का पटवारी एवं अन्य पंचगणों की उपस्थिति में पंचनामा, जप्ती पत्रक तैयार कर अवैध भंडारण कर्ता के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
गौरतलब है, कि खनिज विभाग द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी बैतूल के निर्देशन में लगातार आकस्मिक निरीक्षण कर खनिजों के अवैध परिवहन, उत्खनन, भण्डारण पर सख्त कार्यवाही की जा रही है। उक्त सभी अवैध परिवहनकर्ताओं एवं भण्डारण कर्ता के विरूद्ध मध्यप्रदेश खनिज अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर अर्थदण्ड प्रस्तावित कर प्रकरण माननीय न्यायालय अपर कलेक्टर बैतूल में प्रस्तुत किया जा रहा है।
Comments are closed.