प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने 1127 मेधावी छात्रों को वितरित की लैपटॉप की राशि
By,वामन पोटे
प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने 1127 मेधावी छात्रों को वितरित की लैपटॉप की राशि
—
बैतूल 04 जुलाई 2025
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने शुक्रवार को कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय सभागार भोपाल से प्रदेश के 94 हजार 324 विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए 25-25 हजार की राशि का अंतरण किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल के मुख्य आतिथ्य में जेएच कॉलेज में आयोजित हुआ। प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत लैपटॉप के लिए 25-25 हजार की राशि से जिले के 1127 छात्र लाभान्वित हुए हैं। आयोजित कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने छात्रा अक्षिता मालवीय, नंदिनी राठौर, मयंक बेले, लक्ष्मी अतुलकर, स्वाति यदुवंशी, अनीशा बैरागी, लीना यादव, नेहा, रुचि वागद्रे, मानसी पवार को सांकेतिक रूप से चेक और प्रमाण पत्र का वितरण कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक आमला डॉ.योगेश पंडाग्रे, विधायक मुलताई श्री चंद्रशेखर देशमुख, विधायक घोड़ाडोंगरी श्रीमती गंगाबाई उईके, अध्यक्ष जिला पंचायत श्री राजा पवार, उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वतीबाई बारस्कर, जिला योजना समिति के सदस्य श्री सुधाकर पवार तथा कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक श्री निश्चल झारिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन, अपर कलेक्टर श्री राजीव नंदन श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अनिल सिंह कुशवाहा, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य श्री विवेक पांडे सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और उनके अभिभावक उपस्थित रहें।
प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। ऑपरेशन सिंदूर में बेटियों ने अपने शौर्य और पराक्रम का अद्भुत परिचय देते हुए देश को गौरवान्वित किया है। नारी वंदन अधिनियम के तहत अब एक तिहाई सांसद और विधायक हमारी बेटियां होंगी। आज जेएच कॉलेज के सभागार में 75 प्रतिशत से अधिक बेटियां मौजूद हैं। जिसे देखकर मन बहुत प्रसन्न और गदगद हो रहा हैं। वर्ष 2047 तक भारत विकसित भारत बनेगा और इसका नेतृत्व हमारी बेटियां ही करेंगी।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में ही अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करें। आप निश्चित ही सफल होंगे। किसी कारणवश अगर आप सफल नहीं होते हैं तो अपनी योग्यता और क्षमता का आकलन कर उपयुक्त क्षेत्र में आगे बढ़े। इसके बावजूद भी सफलता हासिल नहीं होती है तो अपने माता-पिता के कार्यों में मदद करे। यह आपकी विरासत हैं इसमें आप शत प्रतिशत सफल होंगे। उन्होंने वीर शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, अशफ़ाकउल्ला खान, उद्यम सिंह, चापेकर बंधु इत्यादि वीरों को याद करते हुए कहा कि जिन स्वप्न के लिए इन वीरों ने अपने जीवन का बलिदान दिया हैं उस स्वप्न और संकल्प को पूरा करने की जिम्मेदारी भावी पीढ़ी की हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य और सुख समृद्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
विधायक डॉ.पंडाग्रे ने लैपटॉप की राशि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम जिससे हम अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। हमारे विद्यार्थी इस महत्व को समझकर अच्छे परिणाम हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी खूब पढ़े और खूब मेहनत करें। विकसित भारत के निर्माण में भावी पीढ़ी की भूमिका सबसे अहम होगी। छात्रों के जीवन के उत्थान में कोई बाधा न आए इसके लिए मध्यप्रदेश सरकार कृत संकल्पित हैं।
विधायक श्री देशमुख ने कहा कि विद्यार्थियों की ज्ञान साधना को बढ़ाने में लैपटॉप उपयोगी साबित होगा। इसके महत्व को समझते हुए मध्यप्रदेश सरकार द्वारा मेधावी छात्रों को लैपटॉप की राशि दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सबसे बड़ा धन है। जिससे आप अपने जीवन के साथ देश, समाज, धर्म और संस्कृति की रक्षा कर सकते हैं।
उपाध्यक्ष श्री धुर्वे ने आदर्श विद्यार्थी के पांच गुण काकचेष्टा, बको ध्यानम, श्वान निद्रा, अल्पाहारी और गृह त्यागी गुण के महत्व के बारे में जानकारी दी और कविताओं के माध्यम से उन्हें भविष्य की बाधाओं से निपटने के प्रेरित किया।
श्री पवार ने कहा कि पहले बेटियों को शिक्षा प्राप्त करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन स्कूल निर्माण, साइकिल वितरण, गणवेश वितरण, लैपटॉप वितरण, स्कूटी वितरण इत्यादि योजनाओं के माध्यम से मध्यप्रदेश सरकार ने इन बाधाओं को दूर किया हैं। जिससे बेटियां न केवल अच्छी शिक्षा ग्रहण कर रही हैं बल्कि हर क्षेत्र में देश को सफल नेतृत्व भी प्रदान कर रही हैं।
Comments are closed.