बारिश के बीच भाजपा के नए प्रदेश का स्वागत, बोले- हर कार्यकर्ता अपने आपको प्रदेश अध्यक्ष समझे
By,वामन पोटे
बारिश के बीच भाजपा के नए प्रदेश का स्वागत, बोले- हर कार्यकर्ता अपने आपको प्रदेश अध्यक्ष समझे
भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल गुरुवार को ग्वालियर पहुंचे, जहां बारिश के बीच उनका भव्य स्वागत हुआ। अटल सभागार में उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद कर पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
मप्र भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल गुरुवार को पहली बार ग्वालियर पहुंचे, जहां बारिश के बीच उनका जोरदार स्वागत किया गया। भारी बारिश के बावजूद प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल का भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 50 से अधिक स्थानों पर फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। स्वयं प्रदेश अध्यक्ष भीगते हुए कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट करते नजर आए।
खंडेलवाल ने कहा, “मैं ग्वालियर की जनता का तहे दिल से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने हमारा इतना आत्मीय स्वागत किया। भाजपा में हर कार्यकर्ता का सम्मान है। हम सब एक परिवार हैं और मिलकर भारतीय जनता पार्टी को और अधिक मजबूत बनाएंगे। ग्वालियर के कार्यकर्ताओं में जो जोश और जज्बा दिख रहा है, वही भाजपा की असली ताकत है।”
स्वागत के बाद हेमंत खंडेलवाल ने अटल सभागार में आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित किया।
कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, नारायण सिंह कुशवाह, सांसद भारत सिंह, पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया, माया सिंह, अनूप मिश्रा, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए खंडेलवाल ने कहा, “ग्वालियर वह भूमि है जहां उस विचारधारा का जन्म हुआ जिसका नेतृत्व आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। जनसंघ का पहला महापौर भी ग्वालियर से ही आया था। यह राजमाता की पवित्र भूमि है।
उन्होंने अपने भाषण के दौरान ग्वालियर की धरती को नमन करते हुए कहा कि “ग्वालियर की धरती को इसलिए भी नमन करना चाहिए क्योंकि यह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मभूमि है. जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी को पूरी दुनिया में पहचान यहीं से मिली. ये वही भूमि है जहां से जनसंघ को नारायण कृष्णराव शेजवलकर के रूप में मध्य प्रदेश का पहला महापौर मिला था.”
खंडेलवाल ने बताया राजमाता का ना भूलने वाला त्याग
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवालने इस दौरान ग्वालियर राजघराने की राजमाता और भारतीय जनता पार्टी संस्थापक रही विजयाराजे सिंधिया का जिक्र करते हुए बताया कि, “यह ग्वालियर उन ममतामई माता राजमाता सिंधिया की कर्मभूमि है जिन्होंने एक बार जब जनसंघ को धन की आवश्यकता पड़ी तो अपनी सगाई की अंगूठी भी दे दी थी. उन्हें भुलाया नहीं जा सकता.”
उन्होंने कहा हर कार्यकर्ता का कर्तव्य है कि वह पार्टी के लिए पूर्णतः समर्पित रहे और कभी खुद को किसी से कम न समझे।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता और पार्टी के बीच की मजबूत कड़ी बनें। उन्होंने कहा, आपकी चिंताओं को हम समझेंगे और उनका समाधान करेंगे। हर कार्यकर्ता खुद को प्रदेश अध्यक्ष समझे। भाजपा अपने संगठन की शक्ति से मजबूत है, जबकि कांग्रेस सिर्फ फेसबुक और ट्विटर पर ही सिमट कर रह गई है।
Comments are closed.