Madhya Pradesh Latest News

शोषित-पीड़ित ग्राहकों की मदद को आगे आई अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत

By,वामन पोटे

बैतूल में खुला जिला ग्राहक मार्गदर्शन केंद्र, अब विशेषज्ञों से समाधान मिलेगा
शोषित-पीड़ित ग्राहकों की मदद को आगे आई अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत
बैतूल। शोषित और पीड़ित ग्राहकों को न्याय और मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत बैतूल एवं विधि आयाम के संयुक्त तत्वावधान में बैतूल जिले में एक नए जिला कार्यालय सह ग्राहक मार्गदर्शन केंद्र का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र स्थानीय स्मार्टमनी, एलआईजी 30, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, बैतूल गंज में शुरू किया गया है, जो अब जिले के समस्त ग्राहकों के लिए एक सुलभ और सतत समाधान केंद्र के रूप में कार्य करेगा।
कार्यक्रम के अवसर पर जिला विधि आयाम के प्रमुख आशीष नरवरिया एडवोकेट ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों की समस्याओं का समन्वय और समाधान करना है। कोई भी ग्राहक यदि किसी परेशानी में है, तो वह इस केंद्र पर आकर विषय विशेषज्ञों की मदद से अपने मामले का समाधान करवा सकता है। जहां आपसी समन्वय से समाधान नहीं हो पाता, वहां उपभोक्ता अधिकारों के तहत कानूनी सलाह भी दी जाएगी।
इस अवसर पर विशेष रूप से भोपाल से पधारे अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत मध्य भारत प्रांत के विधि आयाम के प्रांत प्रमुख एडवोकेट हरिश बारी ने भी उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ग्राहक पंचायत का मुख्य उद्देश्य शासन की उपभोक्ता हितैषी योजनाओं को जन-जन तक पहुचाना और ग्राहकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। बैतूल में इस नए जिला कार्यालय व ग्राहक मार्गदर्शन केंद्र के प्रारंभ से जिले के लोगों को समय पर सहायता और मार्गदर्शन प्राप्त होगा। कार्यक्रम में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के पर्यावरण आयाम के जिला प्रमुख श्रीपाद निर्गुडकर, जिला अध्यक्ष मनीष धोटे, विधि आयाम के सह प्रमुख सौरभ परिहार, सचिन नागले, जिला सचिव अर्पित दीक्षित, सहसचिव संजय चौहान, कोषाध्यक्ष रामबरन पाल, दिनेश लिखितकर, सर्वेश दीक्षित, हिमांशु सोनी सहित अन्य कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Comments are closed.