Madhya Pradesh Latest News

राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस एवं पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन

By,वामन पोटे

राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस एवं पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन

शाहपुर (बैतूल)। सरकारी महाविद्यालय शाहपुर के पुस्तकालय विभाग द्वारा मंगलवार, 12 अगस्त 2025 को पद्मश्री डॉ. एस. आर. रंगनाथन की जयंती एवं राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम और पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. नीतू जायसवाल माहोरे द्वारा दीप प्रज्वलन एवं डॉ. रंगनाथन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने भारतीय पुस्तकालय विज्ञान के जनक डॉ. रंगनाथन के योगदान को याद करते हुए उनके द्वारा प्रतिपादित पुस्तकालय के पाँच नियम की प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए।

पुस्तक प्रदर्शनी में विभिन्न विषयों की दुर्लभ एवं नवीनतम पुस्तकें प्रदर्शित की गईं, जिन्हें छात्रों एवं शिक्षकों ने बड़े उत्साह से देखा। साथ ही डिजिटल संसाधनों और ई-लर्निंग सामग्री के महत्व पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. पवन सिजोरिया ने कहा कि पुस्तकालय केवल किताबों का संग्रह नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार का जीवंत केंद्र है। उन्होंने सभी छात्रों को पुस्तकालय के संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने की अपील की। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों कु. प्रिया मवासे, श्री गजेंद्र धुर्वे,श्री टीनू धुर्वे,कु. गीता चोरगड़े,कु.ज्योति उइके,श्री अभिजीत काजले, श्री शबीत लविष्कर, कुमारी वर्षा मर्सकोले इत्यादि विद्यार्थियों के द्वारा पुस्तकालय के ऊपर अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए गए।।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं पुस्तकालय प्रेमी उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों ने पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन किया और आयोजन की सराहना की।

Comments are closed.