बैतूल में पूर्व विधायक निलय डागा बने कांग्रेस के अध्यक्ष,प्रदेश में 11 पूर्व विधायक को बनाया अध्यक्ष
By,वामन पोटे
बैतूल में पूर्व विधायक निलय डागा बने कांग्रेस के अध्यक्ष,प्रदेश में 11 पूर्व विधायक को बनाया अध्यक्ष
बैतूल।।
निलय डागा 2018 में वर्तमान बीजेप प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को चुनाव हरा चुके। हालांकि 2023 में वे उनसे हार गए थे।
कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेश में 71 जिलाध्यक्षों की नई सूची जारी की, जिसमें बैतूल जिला कांग्रेस कमेटी की कमान पूर्व विधायक निलय विनोद डागा को सौंपी गई है। पार्टी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा घोषित सूची में श्री डागा का नाम सातवें क्रम पर है।
2018 में बने थे विधायक, 2023 में हेमंत खंडेलवाल से हारे
निलय डागा 2018 में बैतूल विधानसभा से कांग्रेस के विधायक चुने गए थे। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी हेमंत खंडेलवाल को 22 हजार वोटों से हराया था। लेकिन 2023 के विधानसभा चुनाव में वे हेमंत खंडेलवाल से 15 हजार वोटों से चुनाव हार गए। बता दें हेमंत खंडेलवाल इसी साल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं।
ऐसा रहा डागा का राजनीतिक सफर
डागा की गिनती कांग्रेस के सक्रिय नेताओं में होती है। वे 2024 से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और मैहर जिले के प्रभारी हैं। इसके अलावा वे 2022 से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के संगठन सदस्य तथा 2016 से पीसीसी प्रतिनिधि भी हैं। पार्टी संगठन में उन्हें कई बार चुनाव प्रभारी और जिला प्रभारी जैसी जिम्मेदारियां दी जा चुकी हैं।
पिता भी रह चुके विधायक
निलय डागा की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी मजबूत रही है। उनके पिता स्व. विनोद कुमार डागा 1998 से 2003 तक बैतूल से विधायक रहे और प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कोषाध्यक्ष पद संभाला। वहीं उनके दादा स्व. हरकचंद डागा 1960-65 तक बैतूल नगर पालिका अध्यक्ष रहे।
अमेरिका की ओकलाहोमा यूनिवर्सिटी से की पढ़ाई
शिक्षा के क्षेत्र में भी निलय डागा का लंबा सफर रहा है। उन्होंने अमेरिका की ओकलाहोमा स्टेट यूनिवर्सिटी से कृषि व्यवसाय में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने मुंबई के एल्फिन्स्टन कॉलेज से बी.कॉम और बैतूल स्थित जयवंती हक्सर पीजी कॉलेज से एम.कॉम किया है। पेशे से वे कृषक और उद्योगपति हैं।
निलय डागा सामाजिक कार्यों से भी जुड़े हैं। उनकी डागा फाउंडेशन संस्था जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराती है। वे हिंदी और अंग्रेजी भाषा के जानकार हैं तथा खेलों में क्रिकेट, फुटबॉल और बास्केटबॉल के शौकीन हैं।
कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के दौरान डागा ने जिलाध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश की थी। जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समर्थन को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। डागा की नियुक्ति से पहले हेमंत वागदे तीन साल से इस पद पर कार्यरत थे। सूची में निलय डागा का नाम सातवें क्रम पर है। उनकी नियुक्ति से जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर है।
Comments are closed.