Madhya Pradesh Latest News

कलेक्टर ने रेत चोरी रोकी, तो बौखलाए विधायक

By, वामन पोटे

कलेक्टर ने रेत चोरी रोकी, तो बौखलाए विधायक’:कांग्रेस का आरोप- खाद की कमी सिर्फ बहाना; नरेंद्र कुशवाह ने कलेक्टर से अभद्रता की थी

भिंड ।।कांग्रेस के ​पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी ने भिंड विधायक पर गंभीर आरोप लगाए।
भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह का कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के साथ अभद्रता और धमकी देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी ने कहा, खाद का मुद्दा सिर्फ बहाना है। असली वजह रेत चोरी है। जब कलेक्टर ने इस अवैध गतिविधि को रोका, तो विधायक बौखला गए।

पूर्व मंत्री ने कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है, जब उन्होंने ऐसा किया हो। इससे पहले भी विधायक एक आईपीएस अफसर से उलझ चुके हैं। वहीं, जिला प्रशासन के विभिन्न कर्मचारी संगठनों में घटनाक्रम को लेकर नाराजगी है। आज जिलेभर में सरकारी अमला विरोध प्रदर्शन करेगा।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को विधायक कुशवाह कलेक्टर निवास पहुंचे थे। यहां खाद की कमी के मुद्दे पर बात करते हुए गाली-गलौज कर दी। विधायक पर हाथ उठाया और मुक्का बांधकर धमकाया। उनको चोर तक कह दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने कलेक्टर के खिलाफ अपशब्द कहे और माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।

नगर पालिका को लूटने का सपना देख रहे विधायक’

 पूर्व मंत्री चतुर्वेदी ने कहा, कलेक्टर खाद की फैक्ट्री नहीं चलाते, इसके लिए विधायक को मुख्यमंत्री या प्रभारी मंत्री से संपर्क करना चाहिए था। विधायक भिंड नगर पालिका पर कब्जा कर उसे लूटने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी कीमत पर नगर पालिका को रेत माफिया के हवाले नहीं होने देगी।
कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं से कहा- तैयार रहें

पूर्व मंत्री ने कहा, आज कलेक्टर को धमकाया गया है, कल किसी कांग्रेस नेता को भी धमकाया जा सकता है। इसलिए सभी कार्यकर्ता सतर्क रहें। यह सिर्फ प्रशासनिक मामला नहीं है, यह लोकतंत्र पर हमला है।

सरकारी महकमे में भी नाराजगी

विधायक कुशवाह के बर्ताव से अब सरकारी अमले में आक्रोश है। विशेष रूप से राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने विधायक की दबंगई के विरोध में आंदोलन की योजना बनाई है। आज जिलेभर में कर्मचारी संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
कलेक्टर बोले- जिले में खाद की कोई कमी नहीं

कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने बताया, जिले में खाद की कोई कमी नहीं है। शासन द्वारा पर्याप्त मात्रा में खाद भेजी जा रही है और इसका वितरण नियमानुसार किया जा रहा है। पुरानी गल्ला मंडी में कुछ लोग एक ही किसान परिवार के दो-तीन सदस्यों को लाइन में खड़ा कर कतारें लंबी दिखा रहे हैं, जिससे खाद की किल्लत का झूठा माहौल बनाया जा सके।
विधायक की ओर से छोटे और बड़े किसानों को एक समान मात्रा में खाद दिए जाने पर आपत्ति जताने को लेकर कलेक्टर ने कहा कि यदि सौ बीघा वाले किसानों को जरूरत से ज्यादा खाद दी जाए, तो बिचौलियों के हावी होने और जिले में खाद की किल्लत बढ़ने का खतरा है।
‘विधायक माइनिंग विभाग को रेत का जिम्मा देना चाहते हैं’

कलेक्टर ने कहा कि जिले में केवल वही हैं जो अवैध रेत परिवहन पर सख्ती से कार्रवाई कर रहे हैं। विधायक राजस्व विभाग की टीम को हटाकर माइनिंग विभाग को जिम्मा देने की बात कर रहे हैं, जबकि माइनिंग निरीक्षक पहले ही तीन बार हमलों का शिकार हो चुके हैं।
‘राजस्व निरीक्षक माफिया पर भारी पड़ रहा’

कलेक्टर बताया कि अवैध रेत परिवहन  रोकने के लिए स्थानीय राजस्व निरीक्षक को लगाया गया है, जो ईमानदारी से काम कर रहा है और माफियाओं पर भारी पड़ रहा है, जिससे कुछ लोगों को तकलीफ हो रही है। विधायक के साथ जो लोग उनके निवास पर आए थे, उनमें से अधिकांश पर रेत चोरी के मामले दर्ज हैं और यही कार्रवाई उन्हें नागवार गुजर रही है।

जिले में खाद की उपलब्धता
भिंड जिले को खरीफ सीजन के दौरान अब तक 12,904 मीट्रिक टन (एमटी) यूरिया, 7391 एमटी डीएपी और 6802 एमटी एनपीके खाद मिल चुकी है, जिसमें से 6,230 एमटी यूरिया, 4,440 एमटी डीएपी और 1,330 एमटी एनपीके का वितरण किसानों को किया जा चुका है।
वर्तमान में जिले में 6,674 एमटी यूरिया, 2,951 एमटी डीएपी और 5,472 एमटी एनपीके खाद उपलब्ध है। सितंबर माह के लिए जिले ने 20,000 एमटी यूरिया, 10,000 एमटी डीएपी और 10,000 एमटी एनपीके की मांग शासन को भेजी है, जबकि रबी सीजन के लिए 40,000 एमटी यूरिया, 25,000 एमटी डीएपी और 25,000 एमटी एनपीके की जरूरत बताई गई है।
उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास के.के. पांडेय ने बताया, इस बार सामान्य से अधिक बारिश होने के कारण खरीफ की बोवनी प्रभावित हुई है, लेकिन अब 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक सरसों की बोवनी बड़े पैमाने पर होगी। इसके लिए किसानों को रबी सीजन के खाद की आवश्यकता होगी। जिले में खाद का कोई संकट नहीं है और प्रतिदिन नियमित रूप से खाद का वितरण किया जा रहा है।
भिंड से भाजपा विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव को थप्पड़ मारने के लिए हाथ उठाया। इस दौरान उन्होंने गाली-गलौज की। कलेक्टर ने कहा कि रेत चोरी नहीं चलने दूंगा, इस पर विधायक ने उन्हें ही चोर कहा। समर्थक भी भिंड कलेक्टर चोर है की नारेबाजी करते रहे।

Comments are closed.