महुपानी में जन जल सेवा यात्रा का स्वागत, खंडेलवाल ने यात्रियों को बताया बैतूल का प्राकृतिक-औद्योगिक वैभव
By,वामन पोटे
महुपानी में जन जल सेवा यात्रा का स्वागत, खंडेलवाल ने यात्रियों को बताया बैतूल का प्राकृतिक-औद्योगिक वैभव
यह भी पढ़ें
बैतूल, 24 सितंबर ।। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही जन जल सेवा संकल्प यात्रा क्रमांक-6 का गुरुवार शाम बैतूल विधानसभा क्षेत्र के महुपानी गांव में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने यात्रा में शामिल लोगों से संवाद कर उन्हें बैतूल की प्राकृतिक, जनजातीय, कृषि और औद्योगिक विशेषताओं से परिचित कराया। यात्रियों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि प्रतिदिन 150 से 200 किलोमीटर मोटरसाइकिल से यात्रा करना और इसके बाद विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर सेवा गतिविधियां करना साहस, सेवा और समर्पण का परिचायक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से निकली यह यात्रा अलग-अलग क्षेत्रों, संस्कृतियों और लोगों से जुड़ने का अवसर दे रही है। यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों की जीवनशैली और क्षेत्रीय विशेषताओं को करीब से समझने का अवसर भी मिल रहा है।
महुपानी में यात्रियों का स्वागत भारती एग्रो फूड पार्क परिसर में किया गया। यह उद्योग खंडेलवाल परिवार से संबंधित है। श्री खंडेलवाल ने यात्रियों को परिसर में संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि कृषि उपज और दुग्ध उत्पादन को प्रसंस्करण उद्योग से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने मैदा, तैयार खाद्य पदार्थ, जमी हुई सब्जियां, डेयरी और जैव ईंधन से संबंधित इकाइयों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए ऐसी उपज को भी प्रसंस्करण से जोड़ना जरूरी है, जो जल्दी खराब हो जाती है। स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण होने से किसानों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।
श्री खंडेलवाल ने बैतूल की प्राकृतिक और भौगोलिक विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सतपुड़ा की गोद में बसे जिले का बड़ा क्षेत्र वन संपदा से समृद्ध है। जनजातीय संस्कृति, पहाड़ी क्षेत्र, वन्यजीव और जैव विविधता जिले की विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने यात्रियों को कुकुरू सहित जिले के पहाड़ी और वन क्षेत्रों की विशेषताओं की जानकारी दी।
यात्रा प्रभारी जयदेव सोलंकी ने बताया कि वडनगर से वाराणसी यात्रा क्रमांक-6 का मध्यप्रदेश में यह चौथा दिन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से यात्रा को निरंतर सहयोग और आत्मीयता मिल रही है। यात्रा के दौरान जनसंवाद के साथ सेवा गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
यात्रा में प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की भावना के अनुरूप पौधारोपण और हनुमान चालीसा पाठ भी किया जा रहा है। श्री खंडेलवाल ने यात्रियों के साथ पौधारोपण करते हुए कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा भी सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार , यात्रा प्रभारी जयदेव सोलंकी, सह प्रभारी अनिरुद्ध, महेश्वर सिंह पुरोहित, शुभम गुर्जर सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और यात्रा में शामिल लोग मौजूद रहे।